Ayushman Bharat Yojna: क्या प्राइवेट हेल्थ पॉलिसी धारक भी उठा सकते हैं इस योजना का लाभ? जानिए क्या हैं नियम
केंद्र सरकार ने आयुष्मान भारत योजना का दायरा बढ़ाकर 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी बुज़ुर्गों को इसमें शामिल कर लिया है। इस विस्तार से उन्हें सालाना 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल सकेगा। मोदी कैबिनेट ने बुधवार को इस फैसले को मंज़ूरी दे दी है। इस योजना से देश भर के लगभग 6 करोड़ वरिष्ठ नागरिक और लगभग 4.5 करोड़ परिवार लाभान्वित होंगे।
सरकार ने पुष्टि की है कि 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी बुजुर्ग व्यक्ति, चाहे उनकी वित्तीय स्थिति कुछ भी हो, इस लाभ के लिए पात्र होंगे। इन बुज़ुर्ग नागरिकों के लिए विशेष रूप से एक नया, अलग कार्ड जारी किया जाएगा। इससे यह सुनिश्चित होगा कि वे विस्तारित आयुष्मान भारत योजना के तहत दिए जाने वाले लाभों का आसानी से लाभ उठा सकें।

सरकार द्वारा आयुष्मान भारत योजना के विस्तार के बाद कई लोगों के मन में इस योजना से जुड़े कई सवाल उठ रहे हैं। उन्हीं में से एक सवाल है कि क्या जिन्होंने निजी हेल्थ इंश्योरेंस ले रखा है उन्हें भी इस योजना का लाभ मिलेगा? इस बारे में सारी जानकारी हम आपके लिए इस आर्टिकल के जरिए लेकर आए हैं।
प्राइवेट हेल्थ पॉलिसी वालों को मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ?
जी हां, सरकार ने इस बारे में स्पष्ट किया है कि जो व्यक्ति 70 वर्ष या इससे अधिक उम्र के हैं और उन्होंने कोई प्राइवेट हेल्थ पॉलिसी या कर्मचारी राज्य बीमा योजना ली हुई है, वो भी आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (Pradhan Mantri Jan Arogya Yojana) के अंतर्गत लाभ प्राप्त करने के पात्र होंगे।
70 वर्ष या उससे अधिक आयु के व्यक्ति जो वर्तमान में केंद्र सरकार स्वास्थ्य योजना (CGHS), भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS), और आयुष्मान भारत योजना केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) जैसी सार्वजनिक स्वास्थ्य बीमा योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं, उनके पास विकल्प होगा वे या तो अपनी मौजूदा योजना जारी रख सकते हैं या AB PM-JAY पर स्विच कर सकते हैं। जो लोग कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) सुविधा का उपयोग कर रहे हैं, वे भी आयुष्मान योजना द्वारा प्रदान किए गए लाभों का लाभ उठा सकेंगे।
कौन-कौन उठा सकता है इस योजना का लाभ?
अगर आयुष्मान भारत योजना का लाभ ले रहे किसी परिवार में कोई व्यक्ति 70 वर्ष से अधिक उम्र का है, तो उस बुजुर्ग सदस्य के लिए अलग से कार्ड जारी किया जाएगा। साथ ही, प्रति वर्ष 5 लाख रुपये का अतिरिक्त टॉप-अप भी दिया जाएगा।
आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अभी तक कवर नहीं किए गए परिवार के सदस्यों की आयु 70 वर्ष से अधिक है, वे भी इस योजना के लिए पात्र होंगे। इससे यह सुनिश्चित होगा कि इन परिवारों के बुज़ुर्गों को जरूरी स्वास्थ्य सेवा लाभ मिले। यदि पति-पत्नी दोनों की आयु 70 वर्ष से अधिक है तो उनके लिए सामूहिक रूप से एक ही आयुष्मान कार्ड जारी किया जाएगा। ऐसे मामलों में प्रत्येक पति-पत्नी के लिए अलग-अलग कार्ड नहीं बनाए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications