'INDIA bloc को भी बताएं फारूक अब्दुल्ला': भगवान राम को लेकर नेशनल कांफ्रेस चीफ से क्या बोले RSS नेता?
भगवान राम को लेकर नेशनल कांफ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला के बयान के बाद आरएसएस ने उनसे एक मांग कर दी है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने रविवार को कहा है कि भगवान राम सबके हैं, यह बात अब्दुल्ला अपने इंडिया ब्लॉक वाले सहयोगियों को भी बताएं।
आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार ने इस बात पर भी जोर दिया कि भगवान का घर जाने के लिए किसी को निमंत्रण की आवश्यकता नहीं होती। भगवान राम लला के प्राण-प्रतिष्ठा के निमंत्रण पर हो रही राजनीति के दौरान संघ का यह बयान आया है।

'राम मंदिर राष्ट्र मंदिर एक साझी विरासत' पुस्तक का विमोचन
रविवार को दिल्ली के रंग भवन ऑडिटोरियम में केरल के गवर्नर आरिफ मोहम्मद खान ने 'राम मंदिर राष्ट्र मंदिर एक साझी विरासत' पुस्तक का विमोचन किया है।
इस कार्यक्रम में वीएचपी के अध्यक्ष आलोक कुमार और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के कोषाध्यक्ष गोविंद गिरि महाराज के अलावा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के नेता इंद्रेश कुमार भी उपस्थित थे। इसी में उन्होंने अब्दुल्ला को लेकर यह बयान दिया है।
भगवान राम सबके हैं, इंडिया ब्लॉक को भी बताएं फारूक- इंद्रेश कुमार
इंद्रेश कुमार ने फारूक अब्दुल्ला के बयान का हवाला देते हुए बताया कि भारतीयों की आस्था किस तरह से जुड़ी हुई है। उन्होंने इस मौके पर अब्दुल्ला से गुजारिश की कि वह देश की इस समावेशिता की भावना को विपक्षी दलों के इंडिया ब्लॉक के सहयोगियों तक भी पहुंचाएं।
उन्होंने कहा, 'हमारे सपनों की पहचान भी वही है, जो हम हिंदुस्तानी भाषा में सोचते हैं.... और जो सपने देखते हैं....हमारे चेहरे की पहचान हमेशा भारतीय ही रहेगा, ये कभी नहीं बदल सकता। हाल ही में फारूक अब्दुल्ला ने कहा था कि राम केवल आपके नहीं हैं, हमारे भी हैं। तो हमने कब कहा है कि नहीं हैं?'
भगवान के घर में निमंत्रण की आवश्यकता नहीं- आरएसएस नेता
वे बोले, 'बस सिर्फ आप यही बात अपने ग्रुप को बता दीजिए। आपको इंडिया ब्लॉक को भी बताना चाहिए कि भगवान के घर में निमंत्रण की आवश्यकता नहीं है।'
फारूक अब्दुल्ला ने कहा था कि भगवान राम सिर्फ हिंदुओं के नहीं हैं
शनिवार को नेशनल कांफ्रेंस के चीफ ने इस बात पर जोर डाला था कि भगवान राम सिर्फ हिंदुओं के नहीं है, वह सारे संसार के हैं। कुमार ने कहा, 'मैं भी पूरे राष्ट्र से कहना चाहता हूं कि भगवान राम सिर्फ हिंदुओं के नहीं हैं; वह सारे संसार के हैं। वह दुनिया के सभी लोगों के भगवान हैं। यह पुस्तक में लिखा हुआ है।'
प्राण-प्रतिष्ठा देखने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने की अपील
इस मौके पर इंद्रेश कुमार ने 22 जनवरी को सुबह 11 बजे से 2 बजे तक अपने धर्म स्थानों और प्रार्थना स्थलों को सजाने और लोगों को टेलीविजन पर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह देखने के लिए प्रोस्ताहित करने के साथ ही वैश्विक प्रगति के लिए प्रार्थना करने की अपील की है।
'कोई भी दरगाह ऐसी नहीं रहेगी जहां दीया नहीं जलेगा'
वे बोले कि 'इसके साथ ही आप सभी मंदिरों में दीए जलाएं। आज सुबह जब मैं यहां आ रहा था तो यूपी में शाह मलंग समाज की जो दरगाहें हैं, उन्होंने मुझसे मुलाकात की और बोले कि कोई भी दरगाह ऐसी नहीं रहेगी जहां दीया नहीं जलेगा.....। पिछले तीन वर्षों से हमने हजरत निजामुद्दीन में भी दीपोत्सव मनाना शुरू किया है।'
उन्होंने कहा कि पड़ोसी मुल्कों के 99 फीसदी लोग धर्मांतरित हैं और सभी का डीएनए एक है। उन्होंने कहा, 'आप अपना धर्म बदल सकते हैं, लेकिन आप अपने पूर्वजों को नहीं बदल सकते। अगर आप नेपाल, श्रीलंका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और मालदीव जाएंगे तो 99 फीसदी लोग धर्मांतरित हैं। हमारे पूर्वज एक ही हैं। सबका डीएनए एक ही था और एक ही रहेगा।' (इनपुट-एएनआई)












Click it and Unblock the Notifications