अयोध्या में भूमि पूजन का पूरी दिल्ली में होगा लाइव प्रसारण, लगाए जाएंगे बड़े-बड़े LED स्क्रीन
नई दिल्ली। अयोध्या में भगवान राम के मंदिर का निर्माण 5 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। खुद प्रधानमंत्री मंदिर के भूमि पूजन में हिस्सा लेंगे। इसके लिए तैयारियां जोर-शोर पर चल रही हैं। पूरे अयोध्या में अलग-अलग जगहों पर स्क्रीन लगाए जाएंगे जिससे कि लोग भूमि पूजन के कार्यक्रम को देख सके। इस बीच दिल्ली भाजपा ने फैसला लिया है कि वह पूरे दिल्ली में बड़ी-बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाएगी, जिससे कि भूमि पूजन कार्यक्रम को दिल्लीवासी भी देख सके। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भूमि पूजन के कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे और यह एक ऐतिहासिक दिन होगा।
Recommended Video

आने वाली पीढ़िया याद रखेंगी
भाजपा नेता ने कहा कि इस मौके को आने वाली पीढ़िया याद रखेंगी, लिहाजा यह हमारा कर्तव्य है कि इस ऐतिहासिक दिन को भव्य बनाया जाए। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के कार्यकर्ता भूमि पूजन के कार्यक्रम में दिल्लीवासियों के साथ शामिल होंगे, जिसे एलईडी स्क्रीन पर दिखाया जाएगा। शाम को पार्टी के नेता घर पर दीए जलाएंगे और साथ ही अपने पड़ोसियों को भी इस मौके पर उत्सव मनाने के लिए कहेंगे। भाजपा के महासचिव राजेश भाटिया ने कहा कि 500 साल बाद राम मंदिर निर्माण का सपना 5 अगस्त को पूरा होने जा रहा है। हम सभी लोग दिल्ली वासियों के साथ इस दिन का उत्सव मनाने की तैयारी कर रहे हैं।
अमेरिका में चल रही है तैयारी
बता दें कि राम मंदिर निर्माण को लेकर सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि अमेरिका में भी इसकी तैयारी चल रही है। न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित और विश्व विख्यात टाइम्स स्क्वॉयर पर उस दिन गजब ही रौनक दिखने वाली है। शिलान्यास कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना देने के लिए न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वॉयर की सारी होर्डिंग्स पहले ही खरीद ली गई हैं, जहां 5 अगस्त के दिन सिर्फ भगवान राम ही राम और उनकी पवित्र अयोध्या नगरी ही नजर आएगी। आयोजकों का कहना है कि ऐसे मौके सदियों में नहीं, बल्कि पूरे मानव जीवन में एक बार ही मिलते हैं।
'पूरी दुनिया के हिंदुओं का सपना पूरा होने जा रहा है'
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले फरवरी में अयोध्या में राम मंदिर के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के गठन की घोषणा की थी। जब ट्रस्ट ने भूमि पूजन कार्यक्रम तय कर लिया तो पवित्र राम मंदिर की आधारशिला रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया है। सेहवानी कहते हैं, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में राम मंदिर का निर्माण होना पूरी दुनिया के हिंदुओं के लिए सपने पूरे होना जैसा है। 6 साल पहले तक हमने कभी नहीं सोचा था कि यह दिन इतनी जल्दी आएगा, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के कारण यह दिन आ चुका है और हम इसे पूरे उत्साह के साथ उत्सव के रूप में मनाना चाहते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications