सूरज पर उठा सौर तूफान, तो लद्दाख में दिखी अजीब सी घटना, अब VIDEO आया सामने
लद्दाख का एक वीडियो वायरल हो रहा, जहां आसमान में ऑरोरा दिख रहा। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स (IIA) ने इसका वीडियो शेयर किया है।

Viral Video of Aurora in Ladakh: सूर्य अपनी आधी उम्र पार कर चुका है, जिस वजह से उस पर लगातार विस्फोट हो रहे। इसे कोरोनल मास इजेक्शन (CME) भी कहा जाता है। हाल ही में हुए एक CME ने पृथ्वी को भी प्रभावित किया, जिसका वीडियो सामने आया है।
वैज्ञानिकों के मुताबिक दो हफ्ते पहले सूर्य पर एक तूफान आया था, जो 23 अप्रैल को रात 10 बजे के करीब पृथ्वी से टकराया। इसका सैटेलाइट आदि पर मामूली असर पड़ा, लेकिन इसकी वजह से लद्दाख में बहुत ही दुर्लभ घटना देखने को मिली।
लद्दाख में उस रात ऑरोरा देखने को मिले थे। इसका वीडियो इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स (IIA) ने ट्विटर पर शेयर किया है। जिसे लोग खूब पसंद कर रहे। IIA के मुताबिक उन्होंने 360 डिग्री कैमरे की मदद से इसे शूट किया था।
IIA के मुताबिक सूर्य पर विस्फोट के बाद 21 अप्रैल को CME अंतरिक्ष में फैला। ये 22-23 तारीख को पृथ्वी से टकराया। इसकी वजह से चीन, यूरोप समेत कई देशों में भी ऑरोरा देखने को मिले। ये इजेक्शन M1 कैटेगरी का था।
क्या होते है ऑरोरा?
आमतौर पर उत्तरी और दक्षिणी ध्रुव के आसमान में लाल, हरे और नीले रंग की रोशनी आसमान में दिखाई देती है। इसे ही ऑरोरा कहते हैं। कभी-कभी ये पृथ्वी के अन्य हिस्सों में भी दिखती है, लेकिन ये थोड़ा दुर्लभ मामला है।
कैसे बनते हैं ऑरोरा?
वैज्ञानिकों के मुताबिक जब पृथ्वी के बाहरी वातावरण में इलेक्ट्रॉन और प्लाज्मा तरंगें मिलती हैं, तो ऑरोरा की उत्पत्ति होती है। अलग-अलग हालात की वजह से इनको रंग अलग-अलग रहते हैं।
फिनलैंड काफी फेमस
फिनलैंड ऑरोरा के लिए काफी फेमस है। यहां पर सालभर ऑरोरा दिखते रहते हैं, जिसको देखने के लिए दुनियाभर से लोग जाते हैं। कई बार तो वहां ऐसा नजारा दिखाता है, मानों आप किसी दूसरे ग्रह पर आ गए हों।












Click it and Unblock the Notifications