लद्दाख की पैंगोंग झील में दौड़ाई Audi कार, Viral Video पर मचा कोहराम

लेह, 11 अप्रैल: लद्दाख की पैंगोंग झील भारत-चीन विवाद में भी अहमियत रखता है और यह अपनी खूबसूरती के लिए भी चर्चित है, जिसकी एक झलक पाने के लिए सैलानी दूर-दूर से खिंचे चले आते हैं। लेकिन, कुछ नासमझ पर्यटकों की वजह से इसकी प्राकृतिक सुंदरता और यहां का पर्यावरण भी खतरे में है। सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जो किसी भी सोचने वाले देशवासी को हिलाकर रख सकता है। एक महंगी कार है, उसमें तीन कम उम्र के लोग सवार हैं और वह पैंगोंग झील में गाड़ी उतारकर चला रहे हैं। यूजर्स ऐसे लापरवाह पर्यटकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पैंगोंग झील में चलाई ऑडी कार

पैंगोंग झील में चलाई ऑडी कार

लद्दाख अपनी खूबसूरती के लिए दुनियाभर में मशहूर है। यही वजह है कि यह देश के एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल के रूप में जाना जाता है। लेकिन, कुछ बदमिजाज पर्यटकों की वजह से ना सिर्फ प्रकृति की गोद में बैठे इस क्षेत्र की खूबसूरती पर ग्रहण लग रहा है, बल्कि इसके चलते यहां की कुदरती सुंदरता और यहां का पर्यावरण भी छलनी हो रहा है। ऐसे ही कुछ गैर-जिम्मेदार टूरिस्ट की वजह से लद्दाख की आत्मा एकबार फिर से चोटिल हुई है और इसको लेकर इंटरनेट पर भी कोहराम मचा हुआ है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दिख रहा है कि एक ऑडी कार में तीन लोग सवार हैं और वह लद्दाख की पहचान पैंगोंग झील में सरपट उसे भगा रहे हैं।

गाड़ी पर हरियाणा का रजिस्ट्रेशन नंबर

गाड़ी पर हरियाणा का रजिस्ट्रेशन नंबर

इस वीडियो को ट्विटर पर जिगमत लद्दाखी नाम के यूजर ने शेयर किया है। वीडियो में दिख रहा है कि दो लोग कार के सनरूफ के सहारे खड़े हैं और तीसरा उसे झील में भगाए जा रहा है। इस गाड़ी के नंबर प्लेट पर 'एचआर 26सी जे 1968' रजिस्ट्रेशन दर्ज है, जिससे जाहिर होता है कि यह गाड़ी हरियाणा की हो सकती है। वीडियो में झील में फोल्डेबल कुर्सियां और टेबल भी नजर आ रही हैं, जिसपर शराब की बोतलें और चिप्स के पैकेट पड़े हुए हैं।

'ऐसे गैरजिम्मेदार टूरिस्ट लद्दाख को बर्बाद कर रहे हैं'

'ऐसे गैरजिम्मेदार टूरिस्ट लद्दाख को बर्बाद कर रहे हैं'

जिगमत लद्दाखी ने वीडियो शेयर करते हुए ट्विटर पर लिखा है, 'मैं फिर से एक और शर्मनाक वीडियो साझा कर रहा हूं। ऐसे गैरजिम्मेदार टूरिस्ट लद्दाख को बर्बाद कर रहे हैं। क्या आप जानते हैं? लद्दाख में पक्षियों की 350 से ज्यादा प्रजातियां हैं और पैंगोंग जैसी झील तो पक्षियों की कई प्रजातियों का ठिकाना है। इस तरह की हरकतों से पक्षी की कई प्रजातियों का आशियाना उजड़ सकता है।'

'मूर्खता चरम पर है!!'

'मूर्खता चरम पर है!!'

यह वीडियो सोशल मीडिया यूजर्स को काफी नागवार गुजर रहा है। एक यूजर ने इसपर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा है, 'मूर्खता चरम पर है!! पूरी तरह से बकवास।' एक ने हरियाणा और लद्दाख पुलिस को टैग करते हुए लिखा है, 'इन गुंडों को लद्दाख में घुसने पर पाबंदी लगनी चाहिए।' एक और यूजर ने केंद्रीय संस्कृति, पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी को टैग करते हुए लिखा है, 'माननीय मंत्री, कुछ कथित पर्यटकों के जरिए इस शर्मनाक बर्ताव को करने वाले को बिना सजा के नहीं छोड़ना चाहिए। नहीं तो इस जगह की प्राकृतिक खूबसूरती बर्बाद हो जाएगी।'

सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है वीडियो

बता दें कि पैंगोंग झील पूर्वी लद्दाख में 14,100 फीट की ऊंचाई पर है। यह लद्दाख की राजधानी लेह से 150 किमी की दूरी पर चांगला दर्रा (17,000 फीट) के उस पार है। यह देश की सबसे बड़ी और सबसे खूबसूरत प्राकृतिक खारे पानी की झीलों में से एक है। समाचार लिखे जाने तक यह वीडियो 6 लाख बार देखा जा चुका है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+