अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर मायावती ने जताया शोक, बीजेपी के लिए की ये बड़ी टिप्पणी
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर देश के बड़े-बड़े नेता उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इसी कड़ी में बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि करते हुए कहा कि अटल जी ने पार्टी हित से ऊपर उठकर देशहित में काम किया। इस दौरान मायावती ने आज की भारतीय जनता पार्टी पर भी अहम टिप्पणी की। बीएसपी सुप्रीमो ने कहा कि अगर आज अटल बिहारी वाजपेयी स्वस्थ रहते तो बीजेपी कभी इतनी जनविरोधी, अहंकारी और विद्वेषपूर्ण नीतियों वाली पार्टी नहीं होती, जितनी आज नजर आती है।

'आज अटल स्वस्थ होते तो बीजेपी अहंकारों वाली पार्टी नहीं होती'
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने एक बयान जारी कर कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। एक सांसद फिर केंद्रीय मंत्री और फिर प्रधानमंत्री के तौर पर उनके खास योगदान को लोग हमेशा याद करते रहेंगे। कवि मन वाले वाजपेयी ऐसे नेता थे जो भारतीय जनसंघ और बाद में इसके नए अवतार बीजेपी में रहने के बावजूद व्यापक स्तर पर सम्मान की दृष्टि से देखे जाते थे।

'अटल जी ने पार्टी हित से ऊपर उठकर देश की भलाई के लिए काम किया'
मायावती ने आगे कहा कि अटल जी ने पार्टी और सरकार में रहते हुए अनेक मौकों पर पार्टी हित से ऊपर उठकर समाज और देश की भलाई के लिए काम किया। अपने बयान में उन्होंने आज की बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर आज अटल बिहारी वाजपेयी स्वस्थ रहते तो बीजेपी कभी इतनी जनविरोधी, अहंकारी और विद्वेषपूर्ण नीतियों वाली पार्टी नहीं होती, जैसा कि आज नजर आती है।

गुरुवार को शाम 5.05 बजे एम्स में ली आखिरी सांस
बता दें कि 'भारत रत्न' अटल बिहारी वाजपेयी का गुरुवार शाम 5:05 बजे दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। वो 94 वर्ष के थे। अटल जी की पहचान हमेशा चेहरे पर मुस्कान रखने वाले, फौलादी हौंसले, बेमिसाल अंदाज और दिल को छू लेने वाली शख्सियत के तौर पर होती है। अटल को उनके करीबी लोग और रिश्तेदार प्यार से बापजी के नाम से भी जानते हैं।












Click it and Unblock the Notifications