Assembly Elections 2018: चुनाव नतीजों के बीच सोनिया गांधी से मिलने पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, क्या हुई बात?
नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में मतगणना का दौर जारी है। खास तौर से मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस पार्टी शानदार प्रदर्शन कर रही है। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस अब तक के रुझानों में सरकार बनाती नजर आ रही है, वहीं मध्य प्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर जारी है। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दिल्ली में मां सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर उनसे मिलने पहुंचे। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में उनके बीच आगे की रणनीति को लेकर चर्चा हुई है।

सोनिया से मिलने पहुंचे राहुल गांधी
बीजेपी शासित तीनों ही राज्य मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान में कांग्रेस के प्रदर्शन को देखने के बाद जहां दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जश्न का माहौल देखने को मिला। वहीं दिन में करीब 1.30 बजे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी मां और यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी से मिलने के लिए पहुंचे। इस मुलाकात के दौरान माना जा रहा है कि उनके बीच तीनों राज्यों को लेकर आगे की रणनीति पर बात हुई है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल
इससे पहले दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर कार्यकर्ता जमकर जश्न में डूबे नजर आ रहे हैं। उनकी ये खुशी मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ से आ रहे रुझानों की वजह से है। तीनों राज्य में कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन कर रही है। राजस्थान में दोपहर दो बजे तक सामने आए आंकड़ों में कांग्रेस 101 सीटों पर आगे चल रही है, वहीं बीजेपी 73 सीटों पर आगे है। छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस पार्टी ने काफी बड़ी बढ़त बना ली है। यहां कांग्रेस 67 सीटों पर आगे है, जबकि बीजेपी ने 17 सीटों पर बढ़त बना रखी है।

मध्य प्रदेश में बीजेपी-कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के रुझानों पर नजर डालें तो यहां दोपहर 2 बजे तक सामने आए आंकड़ों में कांग्रेस और बीजेपी की बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। यहां कांग्रेस 110 सीट पर आगे चल रही है तो दूसरी ओर बीजेपी ने भी 110 सीट पर बढ़त बना रखी है। इन आंकड़ों को देखते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता जोश में नजर आ रहे हैं। फिलहाल सभी को इंतजार फाइनल नतीजों का है।












Click it and Unblock the Notifications