Assembly Election results 2018: पांच राज्यों के रुझानों में जानिए किसे मिली कितनी सीटें
नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के रुझान सामने आने के बाद स्थिति तकरीबन साफ हो गई है। भाजपा के तीनों ही अहम राज्य उसके हाथ से फिसलते नजर आ रहे हैं। मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा अपनी सरकार गंवाती दिख रही है। सबसे चौंकाने वाले आंकड़े छत्तीसगढ़ में देखने को मिले हैं, जहां कांग्रेस 50 से अधिक सीटें जीतती नजर आ रही है। वहीं राजस्थान में कांग्रेस पूर्ण बहुमत की सरकार की ओर आगे बढ़ती दिख रही है, जबकि मध्य प्रदेश में कांटे की टक्कर है। जबकि पूर्वोत्तर राज्यों में एकमात्र कांग्रेस शासित राज्य मिजोरम पार्टी के हाथ से निकल गया है। सुबह 11 बजे तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो यह स्थिति सामने नजर आती है।

मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश की 230 सीटों पर नजर डालें तो कांग्रेस को 112 सीटें मिलती नजर आ रही हैं, जबकि भाजपा को 103 सीटें मिलती नजर आ रही हैं। इन सभी सीटों पर पार्टी आगे चल रही है। अन्य पर नजर डालें तो 15 सीटों पर अन्य आगे चल रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाने में सफल रहेगी।

छत्तीसगढ़
वहीं छत्तीसगढ़ के परिणाम पर नजर डालें तो यहां भारतीय जनता पार्टी को सबसे बड़ा झटका लगा है। पार्टी ने यहां पर बहुत ही खराब प्रदर्शन किया है। जबकि कांग्रेस ने हर किसी को यहां चौंकाया है। छत्तीसगढ़ में विधानसभा की कुल 90 सीटें हैं, जिसमे से कांग्रेस 59 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ 24 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। जबकि अन्य के खाते में 7 सीटें जाती नजर आ रही हैं।

राजस्थान
राजस्थान की बात करें तो कुल 199 सीटों पर हुए चुनाव में कांग्रेस 106 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी 89 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं अन्य की बात करें तो 4 सीटें अन्य के खाते में जाती नजर आ रही है। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद सचिन पायलट ने कहा कि आज से एक साल पहले राहुल गांधी पार्टी के अध्यक्ष बने थे, पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत की है और वह परिणाम के रूप में देखने को मिल रहे हैं।

तेलंगाना
तेलंगाना में जैसा कि एग्जिट पोल में ही कहा गया था कि केसीआर प्रदेश में पूर्ण बहुमत हासिल करेंगे। परिणाम सामने आने के बाद केसीआर की पार्टी टीआरएस ने प्रदेश की कुल 119 सीटों में से 93 सीटों पर बढ़त बनाते नजर आ रहे हैं। जबकि कांग्रेस सिर्फ 17 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। वहीं भाजपा के खाते में सिर्फ 2 ही सीटें आती दिख रही है।

मिजोरम
पूर्वोत्तर राज्यों में मिजोरम एकमात्र ऐसा राज्य था जहां पर कांग्रेस का राज था, लेकिन इस चुनाव में उसे यहां हार देखने को मिली है। मिजोरम विधानसभा की कुल 40 सीटों में से एमएनएफ के खाते में 27 सीटें जाती नजर आ रही हैं। जबकि कांग्रेस सिर्फ 9 पर सिमटती नजर आ रही है। साथ ही भाजपा यहां पहली बार खाता खोल सकती है और उसके खाते में एक सीट जाती नजर आ रही है।
इसे भी पढ़ें- क्या से क्या हो गया देखते-देखते? राज्यों के चुनाव परिणाम में पिछड़ने पर सोशल मीडिया पर भाजपा का उड़ने लगा मजाक












Click it and Unblock the Notifications