Daily Political Update: राजस्थान में शाह और प्रियंका की चुनावी तकरार, तेलंगाना में बरसे राहुल गांधी
Political Roundup of Assembly Election States: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनावों के तहत वोटिंग संपन्न हो गई है। एमपी की 230 और छत्तीसगढ़ की 70 सीटों पर शुक्रवार को वोट पड़े। ऐसे में बीजेपी और कांग्रेस ने अब राजस्थान और तेलंगाना में चुनाव प्रचार को तेज कर दिया है।
राजस्थान में 25 नवंबर और तेलंगाना में 30 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। इससे पहले सभी राजनीतिक दल अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए जोर लगा रही है। एमपी और छत्तीसगढ़ में चुनाव के बाद अब सियासी दलों की नजर राजस्थान और तेलंगाना में है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया है।

राजस्थान में जहां कांग्रेस सत्ता रिपीट करने के मकसद से चुनाव मैदान में है,तो बीजेपी सरकार में आने के लिए पूरा जोर लगा रही है। वहीं तेलंगाना में सत्तारूढ़ दल बीआरएस को टक्कर देने के लिए बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दमखम के साथ चुनावी दंगल लड़ रही है। ऐसे में शुक्रवार (17 नवंबर) को चारों चुनावी राज्यों में कैसी सियासी सरगर्मी है, पढ़िए सभी अपडेट्स एक ही खबर में...
मध्य प्रदेश में थमा चुनावी शोर, बयानबाजी जारी
एमपी मे ंशुक्रवार को सभी 230 सीटों पर मतदान पूरा हो गया है। राज्य में कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही दलों ने जमकर चुनावी घोषणाएं की है। एमपी में इस बार दोनों दलों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली है, जिसके बाद नतीजे 3 दिसंबर को सामने आएंगे।
- सीहोर में सीएम शिवराज ने लिया जायजा: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रेहटी में मतदान केंद्र का दौरा किया और कहा, "मतदान चल रहा है, जनता उत्साहित हैं... मैंने देखा कि अगर किसी का एक्सीडेंट हो जा रहा है या किसी प्रकार की दिक्कत है तब भी लोग वोट डालने आ रहे हैं। बुज़ुर्ग लोग, जिन्हें चलने में दिक्कत है वे भी वोट डालने के लिए आ रहे हैं। "
- दिग्विजय सिंह ने बताई कितनी सीटें आएंगी: भोपाल में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में बदलाव की लहर है। हम 130 से ज्यादा सीटें जीतेंगे। वहीं वोटिंग के दौरान हुई हिंसा की कुछ घटनाओं पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि कुछ शिकायतें हैं, लेकिन मुझे उम्मीद है कि प्रशासन निष्पक्ष तरीके से काम करेगा।
छत्तीसगढ़ का चुनावी हाल
छत्तीसगढ़ में भी दूसरे चरण के तहत आज 70 सीटों पर वोटिंग हुई। इससे पहले 7 नवंबर को 20 सीटों पर मतदान किया गया था। राज्य में कांग्रेस फिर से सत्ता में आने का दावा कर रही है, जबकि बीजेपी भी रेस में बनी हुई है।
- भाजपा बुरी तरह से हार रही: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, "भाजपा लगातार हिंसा पर उतारू है ये संकेत है कि भाजपा बुरी तरह से हार रही है...निश्चित तौर पर हम पर राम की कृपया बनी हुई है। छत्तीसगढ़ कौशल्या माता की भूमि है और राम तो हमारे भांजा लगते हैं।"
राजस्थान में दिग्गजों का जमावड़ा, शाह-प्रियंका की रैली
राजस्थान में सियासी हवा सर्द होती जा रही है। चुनाव की तारीखों के नजदीक होने के साथ-साथ दिग्गज राजनेताओं की एक के बाद कई रैलियां हो रही है। राजस्थान में अमित शाह से लेकर प्रियंका गांधी तक ने जनसभाओं को संबोधित कर एक दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए।
- पेपर लीक पर शाह का अटैक: अजमेर के विजयनगर में गृह मंत्री अमित शाह ने पेपल लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि 5 साल में जितने पेपर लीक हुए है उससे राजस्थान के 1 करोड़ 40 लाख युवाओं का जीवन बर्बाद हो गया। कांस्टेबल भर्ती का पेपर, SI भर्ती का पेपर, चिकित्सा अधिकारी का पेपर, वन रक्षक भर्ती का पेपर लीक हुआ.... जिन्होंने इतने पेपर लीक करवाए वो क्या राजस्थान का भला कर सकते हैं?... गहलोत सरकार के राज में माताएं और बहनें असुरक्षित हैं।
- हमारे घोषणा पत्र से डरी कांग्रेस: बूंदी में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि हमारा घोषणा पत्र देखकर कांग्रेस डर गई है। कांग्रेस पार्टी ने जो कुछ भी वादे किए वैसे वादे उन्होंने देश के कई राज्यों में किए हैं। उन्होंने सभी राज्यों में वादे तोड़े हैं। वे झूठे वादे करते हैं, भ्रष्टाचार करते हैं। मोदी जी ने जो वादे किए थे वे पूरे किए हैं। जो हमने वादा नहीं किया था वे काम भी जनता के हित में किए गए हैं। राजस्थान के लोग हमें एतिहासिक बहुमत दे रहे हैं। इस बार हमें 2013 के मुकाबले ज्यादा सीटें प्राप्त होंगी।
- धामी की रैली: जयपुर ग्रामीण की एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "इस विशाल 'जनसभा' में आप कुलदीप धनखड़ को अपना समर्थन दिखाने के लिए एकत्र हुए हैं। मैंने उनका लंबा संघर्ष देखा है। वह आपके भाई हैं और उन्होंने हमेशा आप सभी के लिए संघर्ष किया है। वह इस विराटनगर निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार हैं।
- महंगाई पर प्रियंका ने केंद्र पर बोला हमला: डूंगरपुर के सागवाड़ा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "पूरे देश में लोग महंगाई से त्रस्त हैं... अगर प्रदेश की सरकार ने महंगाई राहत के कैंप नहीं लगाए होते तो आज आप महंगाई का कैसे सामना करते? आप सोचिए कि केंद्र सरकार इतनी महंगाई बढ़ा रही है कि प्रदेश की सरकार को महंगाई राहत कैंप लगाने पड़ रहे हैं... मैं मध्य प्रदेश गई, वहां महिलाओं ने मुझे कहा कि हमें महंगाई से घबराहट होती है... भाजपा की सरकारें बड़े-बड़े उद्योगपतियों के लिए चल रही हैं... "
- गहलोत ने पीएम मोदी को घेरा: डूंगपुर के सागवाड़ा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ''...प्रधानमंत्री मोदी का 'बजरंगबली' कर्नाटक में नहीं चल पाया... भगवान ने उनकी बात को मंजूर नहीं किया, भगवान समझ गए कि वे(प्रधानमंत्री मोदी) खोखली बातें कह रहे हैं और चुनाव हार रहे हेैं तो बजरंगबली की याद आ रही है। ''
- दोबारा सरकार बनाएंगे: टोंक में कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि आज प्रदेश की जनता कांग्रेस का हाथ पकड़ रही है क्योंकि विकास हम करा सकते हैं, हमारे पास विजन है और नीति, नीयत, नेतृत्व में कांग्रेस बाकी दलों से बेहतर है और हम सब मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। हमारा पहला उद्देश्य है कि जनता का दोबारा विश्वास जीतकर सरकार बनाएं।
तेलंगाना में जारी कांग्रेस का घोषणा पत्र, राहुल जमकर बरसे
तेलंगाना में इस बार चुनावी जंग तीन दलों के बीच देखी जा रही है। भारत राष्ट्र समिति (BRS) के खिलाफ कांग्रेस और बीजेपी जी जान से जुटी है। शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया। तो राहुल गांधी ने चुनावी सभा में जमकर विरोधियों पर हमला बोला।
- कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी: हैदराबाद में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी किया। पार्टी ने वादा किया कि पार्टी के सत्ता में आने पर महिलाओं के लिए प्रति माह 2,500 रुपये और 500 रुपये में गैस सिलेंडर के साथ-साथ सभी घरों को 200 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी। इसके अलावा, रायथू भरोसा के तहत, पार्टी हर साल किसानों को 15,000 रुपये की निवेश सहायता का वादा करती है, जबकि खेत मजदूरों को 12,000 रुपये मिलेंगे।
- 6 गारंटियों लागू होंगी: हैदराबाद में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़ेगे ने कहा, "मैं आज चैलेंज के साथ कह सकता हूं कि पीएम मोदी और केसीआर मिलकर कितना भी कोशिश कर ले तभी भी यहां पर कांग्रेस पार्टी ही आएगी क्योंकि जनता यहां के घोटाले को समझ चुकी है। अब उनके रिटायरमेंट के दिन भी आ गए हैं उन्होंने खुद बोला है और लोग उन्हें यहां से हटाने के लिए तैयार हैं ...हमारी पार्टी जो कहती है वो करके दिखाती है।...हम आपको 6 गारंटी दे रहे हैं। जैसे हमने कर्नाटक में 5 गारंटी दी थी और वो सभी लागू हो रहे हैं। वैसे ही हम यहां 6 गारंटी दे रहे हैं और वो सभी लागू होंगे..."
- केसीआर पर राहुल का निशाना: तेलंगाना में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "आय उत्पन्न करने वाले सभी विभाग आपके मुख्यमंत्री के परिवार के हाथों में हैं। जमीन, शराब...तीनों विभाग आपके सीएम के परिवार के पास हैं...केसीआर ने कांग्रेस से पूछा कि पिछले 7 साल में कांग्रेस ने क्या किया? केसीआर जी जिस स्कूल और कॉलेज में आपने पढ़ाई की वो कांग्रेस ने बनाई थी..."
- हमारी गरीबों की सरकार: वारंगल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, "जहां भी कांग्रेस की सरकार आती है, हम वहां के मुख्यमंत्री को एक बात कहते हैं। भाजपा और बीआरएस जैसी पार्टी चुने हुए लोगों को पूरा फायदा पहुंचाती है। नरेंद्र मोदी अपने मित्र अडानी को पूरा फायदा पहुंचाते हैं और केसीआर अपने परिवार को। हम अपने मुख्यमंत्री से साफ कह देते हैं कि जितना पैसा ये लोग अमीरों को देते हैं उतना पैसा हमारी सरकार गरीबों को देगी।"












Click it and Unblock the Notifications