Assam Flood: 16 जिले हुए जलमग्न, 5 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित, खाने और पीने के पानी की किल्लत से जूझ रहे
Assam Flood: 16 जिलों के 4.89 लाख लोग बाढ़ से हुए प्रभावित, खाने और पीने के पानी की किल्लत से जूझ रहे
असम में बाढ़ के कारण हालात गंभीर हो चुके हैं। राज्य के 16 जिलों के लगभग 4.89 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। वहीं पिछले 24 घंटे में नलबाड़ी जिले में इस बाढ़ के चलते एक शख्स की मौत हो गई है।

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार असम में आई बाढ़ के कारण मरने वालों की कुल संख्या वर्तमान में 2 पहुंच चुकी है। बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है और लोगों के सामने आवास और भोजन और पीने के पानी की किल्लत हो रही है। बाढ़ में जहां कई घर जलमग्न हो गए हैं वहीं लोगों को घर से जरूरी सामान लेने के लिए बाजार जाने का कोई रास्ता नहीं है।
वहीं प्रशासन ने विभिन्न जिलों में बचाव कार्यों में एनडीआरएफ, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, स्थानीय लोगों, प्रशिक्षित स्वयंसेवकों और नागरिक सुरक्षा कर्मियों की मदद ली।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार असम में अकेले बजाली जिले में लगभग 2.67 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।
इसके अलावा नलबाड़ी में 80,061 लोग, बारपेटा में 73,233 लोग, लखीमपुर में 22,577 लोग, दर्रांग में 14,583 लोग, 14180 लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं तामुलपुर में 7,282 लोग, बक्सा में 7,282 लोग, गोलपारा जिले में 4,750 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
वहीं बाढ़ से प्रभावित 35,142 लोग जिनके घर पानी में डूब गए हैं वो 140 राहत शिविरों में रह रहे हैं। इसके अलावा 75 राहत वितरण केंद्र भी काम कर रहे हैं।
एएसडीएमए की रिपोर्ट के अनुसार असम में बाढ प्रभावित क्षेत्रों में लगभग 10,782.80 हेक्टेयर फसल भूमि भी जलमग्न हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications