'आपके आने से असम बदनाम हुआ, जितना जल्दी हो यहां से निकलिए', कांग्रेस नेता ने एकनाथ शिंदे को लिखी चिट्ठी
नई दिल्ली, 24 जून: महाराष्ट्र की महा विकास अघाड़ी सरकार पर संकट अभी भी जारी है। महाराष्ट्र के मंत्री एकनाथ शिंदे 40 से भी ज्यादा विधायकों के साथ असम के गुवाहाटी में होटल में डेरा डाले हुए हैं। शिंदे के समर्थक विधायकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस बीच असम में कांग्रेस प्रमुख भूपेन कुमार बोरा ने शिवसेना के बागी विधायक एकनाथ शिंदे को राज्य से तुरंत निकल जाने के लिए कहा है। भूपेन बोरा ने शुक्रवार को चिट्ठी में शिंदे से कहा है कि राज्य हित को देखते हुए वो जल्द से जल्द यहां से बाहर निकल जाएं।

'असम में एकनाथ शिंदे की मौजूदगी नुकसानदेह'
भूपेन कुमार बोरा ने एकनाथ शिंदे की गुवाहाटी में मौजूदगी को राज्य के लिए नुकसानदेह बताया है। शिंदे को लिखे गए लेटर में असम कांग्रेस चीफ ने कहा है कि राज्य में लोग नैतिकता को अहमियत देते हैं और इसका आदर भी करते हैं। महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना के विधायकों के साथ गुवाहाटी में आपकी मौजूदगी से राज्य में गलत संदेश जा रहा है। बोरा ने आगे लिखा कि बाढ़ के कारण राज्य में हालात खराब हैं और असम सरकार की ओर से आपको गुवाहाटी में मिल रहीं सुविधाएं पूरी तरह अनुचित और अस्वीकार्य है। इसके लिए असम की निंदा हो रही है।

बोरा ने असम में बाढ़ और भूस्खलन से मौतों का आंकड़ा भी बताया
बोरा ने लेटर में ये भी बताया कि सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 6 अप्रैल से अब तक बाढ़ और भूस्खलन के कारण 107 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें से 14 जून से अब तक 65 लोगों की मौत हुई है और 35 में से 32 जिलों के 55 लाख लोग प्रभावित हैं।

'ऐसी दयनीय स्थिति में आपकी गुवाहाटी में उपस्थित अस्वीकार्य'
बोरा ने लिखा, "राज्य की ऐसी गंभीर और दयनीय स्थिति में, गुवाहाटी में आपकी उपस्थिति और आपको शाही आतिथ्य प्रदान करने में असम सरकार की व्यस्त गतिविधियां काफी अनुचित और अस्वीकार्य हैं।" उन्होंने कहा, ''असम एक भूमि है जहां लोग नैतिकता और मूल्यों का बहुत सम्मान करते हैं।" कांग्रेस प्रमुख बोरा ने ''महाराष्ट्र की निर्वाचित सरकार को गिराने के लिए कथित खरीद-फरोख्त" के लिए एक होटल में शिंदे की उपस्थिति की निंदा की।












Click it and Unblock the Notifications