Assam Chunav: चुनाव से पहले असम में भी 'नेम चेंज' पॉलिटिक्स, फखरुद्दीन मेडिकल कॉलेज का बदला नाम
Assam Chunav: असम सरकार ने राज्य के एक प्रमुख मेडिकल कॉलेज का नाम बदलने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में फखरुद्दीन अली अहमद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का नाम बदलकर 'बारपेटा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल' करने को मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि राज्य के अधिकांश सरकारी मेडिकल कॉलेजों का नाम उस शहर के नाम पर रखा गया है, जिस शहर में वे हैं।
उदाहरण के तौर पर गुवाहाटी, धुबरी, सिलचर, बोंगाईगांव, बिश्वनाथ और सोनितपुर के मेडिकल कॉलेज अपने-अपने शहरों के नाम पर हैं। लेकिन बरपेटा स्थित इस मेडिकल कॉलेज का नाम अलग होने के कारण कई लोगों को भ्रम होता था और वे इसे निजी संस्थान समझ लेते थे। इसी भ्रम को दूर करने और नामकरण के एक समान प्रारूप को बनाए रखने के लिए कैबिनेट ने इसका नाम बदलने का फैसला किया है।

Assam Chunav: सीएम सरमा ने फैसले के पीछे की वजह बताई
सीएम सरमा ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पूर्व राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद के योगदान और प्रतिष्ठा का पूरा सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी अन्य महत्वपूर्ण संस्थान का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज का नाम शहरों के नाम पर ही होना चाहिए। बता दें कि चुनाव से पहले इस फैसले पर राजनीतिक बवाल भी हो सकता है। यूपी और महाराष्ट्र में शहरों के नाम बदलने के फैसले पर विपक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी।
Assam Chunav से पहले जुबिन गर्ग के लिए बड़ा ऐलान
इसके अलावा, असम कैबिनेट ने राज्य के प्रसिद्ध गायक और सांस्कृतिक प्रतीक जुबीन गर्ग के सम्मान में भी अहम निर्णय लिया है। सरकार ने उनके समाधि स्थल के निर्माण के लिए सांस्कृतिक मामलों के विभाग को 10 बीघा जमीन आवंटित करने की मंजूरी दी है। यह स्थल असम के कला और संगीत प्रेमियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनने की उम्मीद है।
असम की संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कैबिनेट ने 'अली-ऐ-लिगांग' त्योहार के अवसर पर सरकारी अवकाश घोषित करने को भी मंजूरी दी है। यह त्योहार मिसिंग समुदाय का प्रमुख कृषि और प्रकृति से जुड़ा उत्सव है। इस फैसले के साथ समुदाय की लंबे समय से चली आ रही मांग भी पूरी हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications