Asom Mala 2.0 Project: 43 सड़कों और 38 पुलों के साथ असम बनेगा इंटरनेशनल कनेक्टिविटी का गेटवे!
Asom Mala 2.0 Project: असम पूर्वोत्तर का मुखद्वार होने के साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण प्रदेश है। राज्य में इन्फ्रास्ट्रक्चर के विस्तार की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। चीन और बांग्लादेश की चुनौती से निबटने के लिए सरकार पूरे प्रदेश में कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर जोर दे रही है। असम माला 2.0 परियोजना इस लक्ष्य के लिए महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है।
यह परियोजना दक्षिण एशिया उप-क्षेत्रीय आर्थिक सहयोग (SASEC) कॉरिडोर कनेक्टिविटी योजना का हिस्सा है। क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बेहतर बनाकर व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना इसका मुख्य उद्देश्य है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत राज्य की 43 सड़कों और 38 पुलों का अपग्रेडेशन किया जा रहा है।

Assam News: सड़कों और पुलों दोनों पर होगा काम
इन परियोजनाओं पर ₹3,444 करोड़ से अधिक की लागत आने का अनुमान है। सरकार का फोकस राज्य राजमार्गों (State Highways) और प्रमुख जिला सड़कों (Major District Roads - MDRs) को दो-लेन की चौड़ी और आधुनिक सड़कों में बदलने पर है। इसमें पक्के और कच्चे दोनों तरह के शोल्डर्स शामिल होंगे।
Asom Mala 2.0 Project: आधुनिक डिजाइन और सुरक्षा भी जबरदस्त
- परियोजना के तहत सड़कों का डिजाइन भारतीय सड़क कांग्रेस (IRC) के दिशा निर्देशों के अनुसार किया जा रहा है। इसमें सड़क ज्यामिति में सुधार, मौजूदा पुलों का चौड़ीकरण या पुनर्निर्माण और आधुनिक सुरक्षा मानकों को अपनाया जा रहा है।
- सड़क सुरक्षा को इस योजना में सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। दुर्घटनाओं को कम करने के लिए रोड सेफ्टी इंजीनियरिंग उपाय, संकेतक बोर्ड, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम और सुरक्षित मोड़ों का निर्माण किया जा रहा है।
Assam Connectivity: रख रखाव और निगरानी व्यवस्था
सड़कों के दीर्घकालिक रखरखाव को सुनिश्चित करने के लिए एक आधुनिक 'रोड एसेट मैनेजमेंट सिस्टम' भी लागू किया जा रहा है। वहीं, शिवसागर समेत विभिन्न जिलों में जिला प्रशासन द्वारा निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा पर नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।
Asom Mala 2.0: आर्थिक विकास को मिलेगा बल
असम माला 2.0 के तहत चयनित सड़कों की सूची व्यापक है, जिसमें विभिन्न जिलों के प्रमुख मार्ग शामिल हैं। इन सड़कों के माध्यम से उत्पादन क्षेत्रों को राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख बाजारों से जोड़ा जाएगा, जिससे परिवहन लागत कम होगी और व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी। असम माला 2.0 परियोजना राज्य के बुनियादी ढांचे, सड़क सुरक्षा और क्षेत्रीय व्यापार को नई दिशा देने वाली साबित हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications