जंगल की दादी 'वत्सला' का ये सपना रह गया अधूरा, एशिया की सबसे बुजुर्ग हथिनी ने पन्ना टाइगर में ली आखिरी सांस
Asia oldest elephant Vatsala dies: वनों की गहराइयों में जहां सिर्फ पत्तों की सरसराहट और पक्षियों की पुकार सुनाई देती है, वहीं एक सदी से भी अधिक समय से सबको प्यार बांटती-'वत्सला', एशिया की सबसे उम्रदराज हथिनी, अब नहीं रही। पन्ना टाइगर रिजर्व की इस बुज़ुर्ग हाथिनी का जाना सिर्फ एक पशु का निधन नहीं, बल्कि जंगल की आत्मा के एक युग का अंत है। जब वत्सला ने हिनौता क्षेत्र में अंतिम सांस ली, तो जैसे पूरे जंगल ने कुछ पल के लिए मौन ओढ़ लिया।
यह खालीपन शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता, जो वनों की इस बुज़ुर्ग संरक्षक के जाने से उपजा है। 'वत्सला'-एक ऐसा नाम जो सिर्फ एक हथिनी तक सीमित नहीं था, बल्कि एक पूरी पीढ़ी, एक युग और एक जीवित परंपरा का प्रतीक था।

100 से भी अधिक सालों की लंबी यात्रा के बाद, वत्सला ने मंगलवार, 8 जुलाई दोपहर पन्ना टाइगर रिजर्व के हिनौता क्षेत्र में अपनी अंतिम सांस ली। उसका जाना किसी वन्य जीव के निधन से कहीं अधिक है-यह उस मौन करुणा का अंत है, जो पीढ़ियों से जंगल में बह रही थी।
हालांकि उसका एक सपना उसके जाने के साथ ही खत्म और अधुरा रह गया। दरअसल, बहुत जल्दी ही वत्सला का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में सबसे बुजुर्ग हथिनी के तौर पर दर्ज होने वाला था।
केरल से पन्ना तक: वनों की ममतामयी रक्षक
वत्सला का जीवन किसी किंवदंती से कम नहीं। साल 1971 में केरल के नीलांबुर के घने जंगलों से उसे लाया गया था। प्रारंभ में नर्मदापुरम में रखा गया और फिर पन्ना टाइगर रिजर्व उसका स्थायी घर बना।
वत्सला के जीवन की ये भूमि उसके लिए सिर्फ जंगल नहीं, एक परिवार थी - जहां वह 'जंगल की मां', 'दादी', और सबसे बढ़कर 'नेत्री' के रूप में जानी गई। कैंप के सभी हाथी उसकी ओर श्रद्धा और स्नेह से देखते थे। पन्ना टाइगर रिजर्व आने वाला हर पर्यटक शायद ही वत्सला के नाम से अनजान रहा हो। उसके विशाल आकार, धीमी चाल, और शांत दृष्टि में एक गंभीर गरिमा थी, जो उसे बाकी हाथियों से अलग बनाती थी।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, वह न सिर्फ हाथियों की मुखिया थी, बल्कि हर नवजात हाथी की ममता से देखभाल करने वाली दादी भी। जब कोई हथिनी बछड़े को जन्म देती थी, वत्सला उसके पास सबसे पहले पहुंचती थी।
Elephant Vatsala Died: जब वनों की आत्मा चुपचाप बैठ गई
अपने अंतिम वर्षों में वत्सला की आई साइट चली गई थी। लंबी दूरी चलना उसके लिए मुश्किल हो गया था, लेकिन उसकी देखभाल में कोई कमी नहीं आने दी गई। उसे हर दिन हिनौता हाथी कैंप से खैरैयां नाले तक नहलाने ले जाया जाता था, और भोजन में विशेष रूप से दलिया दिया जाता था।
वन चिकित्सक उसकी सेहत की नियमित जांच करते थे। यही कारण था कि वह सूखा और गर्म पन्ना जैसे कठिन भौगोलिक क्षेत्र में भी सौ वर्ष से अधिक जीवित रह सकी।
हाल ही में उसके आगे के पैरों के नाखूनों में गहरी चोट आ गई थी। दर्द के कारण वह मंगलवार, 8 जुलाई की सुबह खैरैयां नाले के पास बैठ गई और उठ न सकी। वन विभाग के कर्मचारियों ने उसे खड़ा करने के लिए हर संभव प्रयास किया, लेकिन दोपहर लगभग 1:30 बजे, वत्सला ने चुपचाप अंतिम सांस ले ली।
Elephant Vatsala अंतिम विदाई: श्रद्धा और सम्मान के साथ
वत्सला के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हेतु तैयार किया गया। पन्ना टाइगर रिजर्व के अधिकारी, कर्मचारी और कई ग्रामीण मौजूद थे। सभी की आंखों में नमी थी, और जंगल में एक गहरा सन्नाटा पसर गया था - जैसे किसी बुज़ुर्ग ने चुपचाप विदा ले ली हो।
मुख्यमंत्री का श्रद्धांजलि संदेश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा "वत्सला का एक सदी लंबा साथ आज थम गया। वह केवल एक हथिनी नहीं, हमारे वनों की मूक रक्षक थीं। उनकी आंखों में अनुभव का सागर और उपस्थिति में ममता की गरिमा थी। वो अब हमारे बीच नहीं रहीं, लेकिन उनकी स्मृतियां मिट्टी में, वृक्षों में और हमारी आत्मा में जीवित रहेंगी।"
वनों की जीवित विरासत थी 'वत्सला'
वत्सला का जीवन इस बात का प्रमाण है कि मनुष्य और वन्यजीवों के बीच एक मूक लेकिन गहरा संवाद संभव है। वह अपने पीछे सिर्फ यादें नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, करुणा और समर्पण की प्रेरणा छोड़ गई हैं। आज जब हम तेजी से विकास और शहरी करण की दौड़ में हैं, वत्सला हमें याद दिलाती हैं कि संरक्षण सिर्फ नीति नहीं, संस्कृति है।
वत्सला की कहानी का अंत उसकी मृत्यु से नहीं, बल्कि वह शुरुआत है वन्यजीवन के प्रति हमारी जिम्मेदारी की, प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व की भावना की, और इस विश्वास की कि अगर हम प्रेम और संवेदना से प्रकृति से जुड़ें, तो वह हमें पीढ़ियों तक अपनी गोद में पाल सकती है। लेकिन वत्सला की स्मृति में, हर शाख, हर पेड़, हर बछड़ा कुछ न कुछ कह रहा है वो सिर्फ एक हथिनी नहीं थीवो हमारी आत्मा का हिस्सा थी।












Click it and Unblock the Notifications