भारत-बांग्लादेश के बीच चलेगी तीसरी ट्रेन, अश्विनी वैष्णव ने मिताली एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी
भारत-बांग्लादेश के बीच मैत्री संबंध में बुधवार को एक और नया अध्याय जुड़ गया। भारत हमेशा से बांग्लादेश की मदद करते रहा है।
नई दिल्ली, 01 जून : भारत-बांग्लादेश के बीच मैत्री संबंध में बुधवार को एक और नया अध्याय जुड़ गया। भारत हमेशा से बांग्लादेश की मदद करते रहा है। इस बीच भारत-बांग्लादेश के बीच नई ट्रेन चलाकर दोनों देशों के बीच आवाजाही को और आसान किया गया है। भारत से बांग्लादेश जाने वाली मिताली एक्सप्रेस तीसरी ट्रेन होगी। इससे पहले दो ट्रेनें चल रही हैं।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बांग्लादेश के रेल मंत्री मोहम्मद नूरुल इस्लाम सुजोन ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए न्यू जलपाईगुड़ी (भारत) और ढाका (बांग्लादेश) के बीच 'मिताली एक्सप्रेस' को हरी झंडी दिखाई। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत और बांग्लादेश के बीच संबंध हमारी साझा विरासत, हमारे साझा वर्तमान और हमारे साझा भविष्य पर आधारित है। आज हम दोनों देशों में जो विकास हो रहा है, वह सभी स्तरों पर दोनों देशों के बीच मधुर मित्रता से बहुत तेज गति से हो रहा है।
कोरोना की वजह से बंद हो गई थीं सेवाएं
बता दें कि कोरोना महामारी की वजह से भारत-बांग्लादेश के बीच ट्रेन सेवा को रोक दिया गया था। लेकिन 29 मई से एक बार फिर दोनों देशों के बीच रेल सेवा शुरू होने जा रही है। भारत और बांग्लादेश के यात्रियों को बेहतर आवागमन की सुविधा देने के लिए इस सुविधा को फिर से शुरू किया जा रहा है।
और मजबूत होंगे संबंध
ईस्टर्न रेलवे के जीएम अरुण अरोड़ा ने कहा कि भारत और बांग्लादेश के बीच यात्री ट्रेन सेवा की शुरुआत 2 साल के बाद हो रही है। आज मैत्री एक्सप्रेस की ढाका और बंधन एक्सप्रेस की कोलकाता से यात्रा शुरू हुई है। दोनों देशों के बीच संबंध इन ट्रेनों के संचालन से और मजबूत होंगे।
पहले ही बुक हो गए टिकट
ईस्टर्न रेलवे के चीफ पब्लिक रिलेशन ऑफिसर एकलव्य चक्रवर्ती ने बताया कि भारत और बांग्लादेश के बीच यात्रियों, ढाका और कोलकाता के बीच यात्रियों को आने जाने की बेहतर सुविधा के लिए कोलकाता मैत्री एक्सप्रेस और कोलकाता-खुलना-कोलकाता बंधन एक्सप्रेस को 29 मई से फिर से शुरू किया जा रहा है। चक्रवर्ती ने बताया कि 1 जून से भारत और बांग्लादेश के बीच तीसरी ट्रेन मिताली एक्सप्रेस की भी शुरुआत होगी, जोकि नई जलपाईगुड़ी से ढाका के बीच चलेगी। इन ट्रेनों के टिकट पहले ही बुक किए जा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications