बालासोर में क्यों हुआ बड़ा ट्रेन हादसा? राज्यसभा में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताई वजह
ओडिशा के बालासोर रेलवे स्टेशन के पास हुए बड़े ट्रेन हादसे की जांच की बाद केंद्र सरकार ने राज्यसभा में इस पर जवाब दिया। रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि ट्रेनों का आपस में टकराना पूर्व में की गई गलती का परिणाम था।
Odisha train tragedy: ओडिशा ट्रेन हादसे को लेकर सवालों पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को राज्यसभा में लिखित जवाब दिया। जिसमें उन्होंने बालासोर में हुई त्रासदी का कारण बताया। रेलवे मंत्री ने कहा कि घटना को लेकर सीबीआई जांच चल रही है। ऐसे में इसकी डीटेल नहीं बताई जा सकती। लेकिन हादसे की प्रमुख वजह गलत सिग्नलिंग था, जिसके वजह ट्रेन नंबर 1281 अप लूप लाइन पर चली गई। बाद में ट्रेन वहां खड़ी मालगाडी से टकरा गई।
41 पीड़ितों की पहचान अभी बाकी
केंद्रीय मंत्री ने खुलासा किया कि दुर्घटना में मारे गए कुल 295 लोगों में से 41 पीड़ितों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। 18 जुलाई तक मृतकों में से 254 की पहचान हो चुकी है। मंत्रालय ने अज्ञात यात्रियों के शवों को एम्स, भुवनेश्वर में रखा है, सीएफएसएल, नई दिल्ली में विश्लेषण के लिए डीएनए नमूने संरक्षित किए हैं।

वैष्णव ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में रेलवे में सिग्नलिंग विफलता के 13 मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि इंटरलॉकिंग सिग्नल प्रणाली में खराबी के कारण कोई घटना नहीं हुई है। रेल मंत्रालय द्वारा मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को दो-दो लाख रुपये और सामान्य रूप से घायल हुए प्रत्येक व्यक्ति को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि 16 जुलाई तक अनुग्रह राशि के रूप में अब तक 29.49 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications