अशोका यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद की बढ़ी टेंशन! 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए
Ali Khan Mahmoodabad News: 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर की गई टिप्पणी अब हरियाणा के सोनीपत स्थित अशोका यूनिवर्सिटी के राजनीति शास्त्र के प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद के लिए परेशानी का सबब बन चुकी है। गिरफ्तारी के दो दिन बाद, यानी आज (20 मई) सोनीपत की जिला अदालत ने अली को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अगली सुनवाई 27 मई को होगी।
दिल्ली पुलिस ने उन्हें रविवार को ग्रेटर कैलाश स्थित उनके घर से हिरासत में लिया और बाद में सोनीपत पुलिस को सौंप दिया गया। उनके खिलाफ दो FIR दर्ज की गई हैं-एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर और दूसरी भारतीय सेना की महिला अधिकारियों पर की गई टिप्पणी को लेकर।

प्रोफेसर अली खान पर आरोप है कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सेना की महिला अफसरों-कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह-द्वारा की गई प्रेस ब्रीफिंग को 'पाखंड' और 'प्रकाशिकी' कहकर नकारात्मक रूप में प्रस्तुत किया। इसी ब्रीफिंग में विदेश सचिव विक्रम मिस्री भी शामिल थे। आइए समझें पूरा केस...
BJP युवा मोर्चा की एक नेता ने दर्ज कराई थी शिकायत
इस टिप्पणी को लेकर BJP युवा मोर्चा की एक नेता ने शिकायत दर्ज करवाई, वहीं हरियाणा महिला आयोग ने भी स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की मांग की। आयोग का कहना है कि प्रोफेसर की बातों से भारतीय सेना की महिला अधिकारियों का अपमान हुआ और इससे सांप्रदायिक तनाव भी भड़क सकता है।
इस पूरे घटनाक्रम पर अशोका यूनिवर्सिटी की फैकल्टी एसोसिएशन ने खुलकर प्रोफेसर खान का बचाव किया है। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि अली खान एक जिम्मेदार नागरिक और यूनिवर्सिटी समुदाय के अहम सदस्य हैं। उन्होंने गिरफ्तारी को 'आधारहीन' और 'अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के खिलाफ' बताया।
अली खान का पक्ष रखेंगे कपिल सिब्बल
अब यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। प्रोफेसर अली खान ने अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए याचिका दायर की है। वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने कोर्ट में उनकी ओर से अपील की, जिस पर कोर्ट ने जल्द सुनवाई की हामी भर दी है। जैसे-जैसे यह केस आगे बढ़ रहा है, यह सवाल और बड़ा होता जा रहा है-क्या सोशल मीडिया पर राय रखना आजादी है या जिम्मेदारी? और कहां खींची जानी चाहिए अभिव्यक्ति की आजादी की सीमा?












Click it and Unblock the Notifications