अरविंद केजरीवाल 16 फरवरी को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, रामलीला मैदान में होगा समारोह
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल की है। 2015 की सफलता को दोहराते हुए आम आदमी पार्टी ने 70 में से 62 सीटों पर जीत दर्ज की। आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली सीट से बीजेपी उम्मीदवार सुनील यादव को 20 हजार से अधिक वोटों से हराया। अरविंद केजरीवाल 16 फरवरी को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन रामलीला मैदान में होगा।
Recommended Video

बुधवार को अरविंद केजरीवाल को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुन लिया गया। अरविंद केजरीवाल जहां लगातार तीसरी बार दिल्ली के सीएम बनेंगे तो वहीं अब इस बात को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं कि आखिर उनकी कैबिनेट में कौन से नए चेहरे शामिल होंगे। पार्टी के सभी बड़े नेताओं और दूसरे कार्यकाल में मंत्री रहे सभी बड़े नामों को जीत मिली है। आतिशी मार्लेना, राघव चड्ढा और दिलीप पांडे समेत आम आदमी पार्टी के सभी बड़े चेहरे चुनाव जीत गए हैं।
दिल्ली विधानसभा चुनावों के परिणामों की बात करें तो आप ने अबकी 62 सीटों पर जीत हासिल की। ये जीत इसलिए भी बड़ी रही क्योंकि पार्टी ने पिछले चुनावों में भी 67 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। ऐसे में पार्टी को 5 सीटों का नुकसान तो हुआ लेकिन फिर भी विपक्षी दल बीजेपी कोई खास कमाल नहीं कर सकी। मतों की गिनती के दौरान 25 सीटों पर बढ़त ले जाने के बावजूद, आखिर में भाजपा 2015 की टैली को 3 से आठ तक ही ले जा सकी। इनमें से छह सीटें उत्तर पूर्वी और पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्रों में आती हैं।
वहीं, 2013 तक दिल्ली में लगातार तीन कार्यकाल तक सरकार चलाने वाली कांग्रेस को इस बार दिल्ली के मतदाताओं ने पूरी तरह से खारिज कर दिया। पार्टी और उसके सहयोगी दल के उम्मीदवारों ने दिल्ली की 70 में से 67 विधानसभा क्षेत्रों में अपनी-अपनी जमानतें गंवा दी हैं। यानि दिल्ली की सिर्फ 3 सीटों पर ही कांग्रेस के प्रत्याशी अपनी जमानत बचा पाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications