अरविंद केजरीवाल ने हिंदू आस्था पर साझा की पोस्ट, तस्वीरें शेयर कर BJP पर साधा निशाना
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए हिंदू आस्था और विचारधाराओं को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने एक पोस्ट रीपोस्ट करते हुए लिखा, "ये दोनों तस्वीरें हिंदू आस्था के प्रति दो विचारधाराओं की प्रतीक हैं।"
दरअसल, केजरीवाल ने यह पोस्ट एक्स यूजर पुलकित नागर द्वारा साझा की गई पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए की। पोस्ट में शेयर की गई एक फोटो में गोवा के एक मंदिर में अरविंद केजरीवाल हनुमान भगवान की पूजा-अर्चना करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं दूसरे फोटो लखनऊ में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत में आयोजित रोड शो की है। जहां हनुमान जी के रूप को BJP का झंडा लेकर नाचते हुए दिखाया गया है।

पुलकित नागर ने अपनी पोस्ट में लिखा, "हमारी विचारधारा - हम भगवान राम और हनुमान जी के भक्त हैं। उनमें हमारी श्रद्धा और आस्था है। हम उनकी पूजा करते हैं, उनके सामने सिर झुकाते हैं और उनका आशीर्वाद लेते हैं।"
पोस्ट में आगे दावा किया गया, "इनकी विचारधारा - ये लोग हनुमान जी और भगवान राम को भगवान ही नहीं मानते। इनके लिए राम और हनुमान सत्ता और पैसा पाने का ज़रिया हैं। इन्हें भगवान का अपमान करने में कोई संकोच नहीं होता।"
अरविंद केजरीवाल ने इसी पोस्ट को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से साझा करते हुए उक्त संदेश को आगे बढ़ाया। उन्होंने लिखा,
"ये दोनों तस्वीरें हिंदू आस्था के प्रति दो विचारधाराओं की प्रतीक हैं। हमारी विचारधारा - हम भगवान राम और हनुमान जी के भक्त हैं और उनमे हमारी श्रद्धा और आस्था है। हम उन्हें पूजते हैं, उनके सामने सर झुकते हैं, उनका आशीर्वाद लेते हैं। इनकी विचारधारा - ये लोग हनुमान जी और रामचन्द्र जी को भगवान ही नहीं मानते। इनके किए राम और हनुमान सत्ता और पैसा पाने का ज़रिया हैं। इन्हें भगवान का अपमान करने में कोई संकोच नहीं होता।"
अरविंद केजरीवाल की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई। समर्थकों ने इसे हिंदू आस्था के प्रति सम्मान का संदेश बताया, हालांकि भाजपा की ओर से अभी तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।












Click it and Unblock the Notifications