अनुराग ठाकुर ने केजरीवाल को बताया शराब घोटाले का सरगना, कहा- यह बेवड़ी सरकार है
नई दिल्ली, अगस्त 20। दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया के 21 ठिकानों पर सीबीआई की छापेमारी के बाद से बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच सीधे आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। शनिवार को सबसे पहले खुद मनीष सिसोदिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मोदी सरकार पर हमला बोला। सिसोदिया ने यहां तक कह दिया कि 2024 का लोकसभा चुनाव बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच होगा।
Recommended Video

शराब घोटाले का सरगना हैं केजरीवाल- ठाकुर
सिसोदिया की पीसी के बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पलटवार करते हुए सिसोदिया और केजरीवाल पर बड़ा हमला बोला है। अनुराग ठाकुर ने मनीष सिसोदिया को कथित शराब घोटाले में आरोपी नंबर 1 बताया है। साथ ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को शराब घोटाले का सरगना बताया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि केजरीवाल की सरकार रेवड़ी सरकार भी है और बेवड़ी सरकार भी है।
सिसोदिया के चेहरे का रंग उड़ा हुआ है- अनुराग ठाकुर
अनुराग ठाकुर ने सिसोदिया की पीसी के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा है, "मनीष सिसोदिया द्वारा आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस ने स्पष्ट रूप से दिखाया कि उनके घोटाले के बाद उनके चेहरे का रंग कैसे उड़ गया है। वह किसी भी सवाल का जवाब नहीं दे सके और उल्टा भाजपा को दोषी ठहरा रहे हैं।
सिसोदिया ने बीजेपी को खुले तौर पर दी चुनौती
अनुराग ठाकुर के आरोपों से पहले मनीष सिसोदिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि सीबीआई की रेड के बाद मुझे इस बात का अंदाजा है कि अगले 2-3 दिनों के अंदर मुझे गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन हम भगत सिंह की संतान हैं, किसी भी हाल में भाजपा से डरने वाले नहीं हैं। सिसोदिया ने कहा कि मेरे साथ-साथ आम आदमी पार्टी के अन्य नेताओं को भी गिरफ्तार किया जा सकता है। सिसोदिया ने इस दौरान बीजेपी को खुले तौर पर चुनौती देते हुए कहा कि जो हरकतें हो रही हैं, उससे यह साफ है कि अब 2024 का चुनाव बीजेपी और आम आदमी पार्टी के ही बीच होने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications