लद्दाख में चीनी सेना की घुसपैठ की खबरों से सेना प्रमुख सुहाग ने किया इंकार
नई दिल्ली। सेना प्रमुख दलबीर सिंह सुहाग ने उन खबरों से मंगलवार को साफ इंकार कर दिया जिसमें लद्दाख में भारतीय सीमा के अंदर चीनी सेना के दाखिल होने के बातें कहीं गई थीं।

सेना प्रमुख ने कहा कि भारतीय सीमा में चीन की ओर से घुसपैठ की जो भी खबरें आ रही हैं, वह पूरी तरह से निराधार हैं।
मंगलवार को जब जनरल सुहाग से इस बारे में सवाल किए गए तो उन्होंने जवाब दिया कि ऐसा कुछ भी नहीं है और सब-कुछ ठीक है।
साथ ही साथ रक्षा मंत्रालय की ओर से भी जानकारी दी गई है कि इस तरह की जो भी खबरें आई हैं, उनमें कोई भी सच्चाई नहीं है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक एलएसी के बारे में भ्रम की स्थिति होने की वजह से अक्सर चीन की ओर से अतिक्रमण की खबरें आती रहती हैं।
गौरतलब है कि सोमवार को खबर आई थी कि लद्दाख के भारतीय क्षेत्र में चीन के सैनिकों ने 25 से 30 किमी अंदर तक घुसपैठ कर ली है। चीन ने पिछले साल भी यहां अपने तंबू लगाए थे और 3 सप्ताह तक वहां तनाव की स्थिति रही थी।
सूत्रों ने बताया कि भारतीय सैनिकों के एक गश्तीदल ने रविवार को अपने केंद्र से जम्मू-कश्मीर में उत्तरी लद्दाख के बर्तसे इलाके की 'न्यू पेट्रोल बेस' चौकी की ओर जाते हुए पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के जवानों को देखा। यह क्षेत्र 17,000 फुट की उंचाई पर स्थित है।












Click it and Unblock the Notifications