अनुष्का शर्मा की वेब सीरीज पाताल लोक ने मचाई धूम, लोगों ने इसे सेक्रेड गेम्स, मिर्जापुर का बाप बताया
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के चलते पूरा देश लॉकडाउन में है, तमाम सिनेमा हॉल, थिएटर बंद है, लिहाजा ऑनलाइन ऐप पर लोग अलग-अलग फिल्में और वेब सीरीज देखकर अपना मनोरंजन कर रहे हैं। तमाम वेब सीरीज इस वक्त लोगों को काफी पसंद आ रही है। इस बीच अनुष्का शर्मा के प्रोडक्शन में बनी वेब सीरीज पाताल लोक को अमेजन पर बीती रात लॉन्च किया गया है। अहम बात यह है कि कई लोगों ने इस वेब सीरीज को एक ही रात में पूरा देख डाला है और इसपर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

एक्टिंग की हो रही है तारीफ
जिन लोगों ने इस वेब सीरीज को देखा है उन्होंने इसमे जयदीप अहलावत और नीरज काबी की अदाकारी की जमकर तारीफ की है। कई लोग तो ऐसे हैं जिन्होंने इसे अबतक की सबसे अच्छी वेब सीरीज तक करार दिया है। एक ट्विटर यूजर जॉनी बलराज ने ट्वीट करके लिखा कि पाताल लोक शो को मैंने पूरी रात देखा, यह शो मिर्जापुर और सेक्रेड गेम्स का भी बाप है। जयदीप जबरदस्त हैं, बहुत ही बढ़िया शो, हर किसी को इसे जरूर, जरूर देखना चाहिए।

लोगों ने जमकर की तारीफ
एक अन्य ट्विटर यूजर ने ट्वीट करके लिखा पाताल लोक अबतक की सबसे बढ़िया वेब सीरीज में से एक है। यह ना सिर्फ आपका मनोरंजन करती है बल्कि यह आपको शो से चिपकाए रहेगी। इसे जरूर देखना चाहिए। एक अन्य यूजर ने लिखा कि अमेजन प्राइम पर एक और जबरदस्त शो, यह आपको भ्रमित करेगा साथ ही आपका मनोरंजन भी करेगा, इसमे सभी किरदारों का जबरदस्त मिश्रण है। इसे जरूर देखना चाहिए।

मौजूदा हालात पर आधारित वेब सीरीज
बता दें कि पाताल लोक वेब सीरीज में मौजूदा सामाजिक और राजनीतिक हालात पर आधारित है, जिसमे मॉब लिंचिंग और सवर्ण जाति के नेता किस तरह से दलित के घर खाना खाते हैं, इसको दिखाया गया है। इस वेब सीरीज में जयदीप, नीरज के अलावा गुल पनाग, अभिषेक बनर्जी, स्वस्तिका मुखर्जी अहम किरदार में हैं। इस वेब सीरीज में कुल 8 एपिसोड हैं और यह अमेजन पर लाइव स्ट्रीम हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications