मेजर लितुल गोगोई के बारे में महिला ने किया सनसनीखेज दावा
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के बडगांव में आम नागरिक को जीप से बांधने को लेकर पिछले वर्ष विवादों में फंसे मेजर लितुल गोगोई एक बार फिर से विवाद में है। दरअसल उनपर आरोप लगा है कि वह श्रीनगर के एक होटल में युवती के साथ देखे गए हैं। जिसके बाद लगातार उनपर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिस युवती के साथ कथित रूप से श्रीनगर के होटल में मेजर गोगोई देखे गए हैं उसकी मां का कहना है कि गोगोई ने देर रात को उनके घर पर दो बार छापेमारी की थी और वह दोनों ही बार छापेमारी के दौरान समीर अहमद के साथ आए थे जोकि होटल में भी उनके साथ गया था।

समीर भी था सेना में
सूत्रों का कहना है कि समीर अहमद भी पहले भारतीय सेना में था। युवती की मां का कहना है कि होटल में जाने से पहले दो बार मेजर गोगोई उनके घर में देर रात को छापा मार चुके हैं। बुधवार को गोगोई और युवती से पूछताछ की गई है जिसके साथ वह कथित रूप से श्रीनगर के होटल में देखे गए थे। आपको बता दें कि मेजर गोगोई श्रीनगर के होटल ग्रैंड ममता में कथित रूप से युवती के साथ देखे गए थे, जिसके बाद से वह सवालों के घेरे में हैं।

बैंक गई थी पैसा जमा करने
पुलिस का कहना है कि मेजर गोगोई को होटल के भीतर नहीं जाने दिया गया और उन्हे पुलिस के हवाले कर दिया गया। नॉर्थ सिटी के एसपी सजाद अहमद शाह को इस मामले की जांच का जिम्मा सौंपा गया है, उनका कहना है कि उन्हे इस बात की जानकारी मिली है कि होटल में एक कमरा लितुल गोगोई के नाम से बुक था। गुरुवार को युवती की मां का कहना है कि मेरी बेटी सुबह घर से चली गई थी, उसने बताया था कि वह बैंक जा रही है और जल्दी ही वापस आएगी। जिसके बाद हम खेत में काम करने के लिए चले गए, लिहाजा हमे इसकी जानकारी नहीं थी कि वह कहां गई, लेकिन बाद में गांव के लोगों ने हमे बताया कि वह कहां गई थी।

चेतावनी दी थी मेजर ने
महिला ने दावा किया है कि मेजर गोगोई इससे पहले देर रात को दो बार उसके घर में आ चुके हैं, पहली बार जब सेना हमारे घर आई तो मैं डर गई थी। दोनों ही बार मेजर गोगोई समीर के साथ आए थे, उन्होंने हमे चेतावनी दी थी कि इसके बारे में किसी को नहीं बताए। महिला ने बताया कि उनकी लड़की सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी है। बुधवार को उसने हमे बताया कि वह बैंक में पैसा जमा करने के लिए गई थी, मैंने उसे 500 रुपए जमा करने के लिए दिया था, वह अपना बैग लेकर घर से गई थी, साथ ही कुछ दस्तावेज भी ले गई थी।

नाबालिग है युवती
महिला ने बताया कि उनकी बेटी 17 साल की है, लेकिन पुलिस का कहना है कि वह बालिग है। युवती का बयान दर्ज कराने के बाद पुलिस ने उसे जाने दिया। सूत्रों का कहना है कि लड़की का स्कूल और आधार कार्ड इस बात की पुष्टि करता है कि उसका जन्म 1998 में हुआ था। इस घटना के बाद युवती गांव से दूर अपने रिश्तेदार के घर रहने चली गई है।












Click it and Unblock the Notifications