अनिल अंबानी परेशानी में! मुंबई वाले घर पर CBI का छापा, FIR भी दर्ज, इस मामले में हुई बड़ी कार्रवाई
Anil Ambani CBI raids: मुंबई में उद्योगपति अनिल अंबानी के घर पर CBI ने शनिवार (23 अगस्त) सुबह छापेमारी की, जो कि ₹17,000 करोड़ के बैंक लोन घोटाले से जुड़ा मामला है। सूत्रों के मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे सीविंड, कफ परेड स्थित अंबानी के घर पर 7 से 8 अधिकारी पहुंचे और तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान अनिल अंबानी और उनका परिवार घर पर मौजूद रहा।
यह कार्रवाई रिलायंस एडीए ग्रुप से जुड़ी कंपनियों में कथित बैंक धोखाधड़ी की जांच के तहत की जा रही है। इतना ही नहीं CBI ने रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCOM) के खिलाफ 2,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के बैंक फ्रॉड के मामले में केस दर्ज किया है। ये फ्रॉड स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के साथ हुआ है।

ED भी पहले कर चुका है जांच तेज
इससे पहले 4 अगस्त को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी इस मामले में जांच का दायरा बढ़ाया था। एजेंसी ने अनिल अंबानी को समन भेजने के कुछ दिनों बाद उनके शीर्ष अधिकारियों को भी पूछताछ के लिए बुलाया था।
ED ने अनिल अंबानी के दो सबसे करीबी सहयोगियों-अमिताभ झुनझुनवाला और सतीश सेठ-को समन किया है। दोनों लंबे समय से अंबानी के बिजनेस से जुड़े रहे हैं और माना जाता है कि वित्तीय लेन-देन में उनकी बड़ी भूमिका रही है।
अधिकारियों के अनुसार, अब तक कम से कम छह समन जारी किए जा चुके हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की पहले हुई छापेमारी में ये अधिकारी पहले से ही जांच के दायरे में आ चुके थे। यह मामला अब CBI और ED दोनों के निशाने पर है, और आने वाले दिनों में अनिल अंबानी की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
SBI ने अनिल अंबानी मामले में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में दिए लिखित जवाब में बताया कि एसबीआई ने अनिल अंबानी मामले में सीबीआई में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही बैंक ने उनके खिलाफ व्यक्तिगत दिवालिया कार्यवाही भी आरंभ की है, जो फिलहाल मुंबई NCLT में लंबित है।
23 जुलाई को भी ED ने अनिल अंबानी के रिलायंस ग्रुप से जुड़े 35 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई यस बैंक से लिए गए 3,000 करोड़ रुपये के लोन धोखाधड़ी मामले के तहत की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications