तीसरे बच्चे पर 50 हजार रुपए, बेटे के जन्म पर गाय! आंध्र प्रदेश के TDP सांसद की अनोखी घोषणा
Andhra Pradesh TDP MP: आंध्र प्रदेश के विजयनगरम से टीडीपी सांसद विजयनगरम के सांसद कालीसेट्टी अप्पलानायडू ने एक ऐसी घोषणा की है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। उन्होंने तीसरे बच्चे को जन्म देने वाली महिलाओं को 50,000 रुपये देने की पेशकश की है, और अगर वह बच्चा बेटा हुआ, तो परिवार को गाय भी भेंट की जाएगी।
इस चौंकाने वाली घोषणा के पीछे मकसद परिवारों को अधिक बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करना बताया जा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि यह नकद प्रोत्साहन सांसद अपने वेतन से देंगे।

टीडीपी सांसद ने शनिवार को विजयनगरम के राजीव स्पोर्ट्स कंपाउंड में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित एक बैठक में यह घोषणा की।
चंद्रबाबू नायडू ने बदला विचार, अब 'जनसंख्या बढ़ाने' की कर रहे वकालत
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी सांसद की इस पहल की तारीफ की है। हाल ही में उन्होंने खुद जनसंख्या नियंत्रण के बजाय दीर्घकालिक जनसांख्यिकी प्रबंधन की जरूरत पर जोर दिया था।
मार्च में दिल्ली की यात्रा के दौरान उन्होंने कहा था, "पहले मैं परिवार नियोजन की वकालत करता था, लेकिन अब मेरा नजरिया बदल गया है। भारत को जनसांख्यिकी लाभांश का सही इस्तेमाल करना होगा। अगर हम इसका सही प्रबंधन कर सके, तो भारत और भारतीय दुनिया में महान बन सकते हैं।"
अब कितने भी बच्चों पर मातृत्व अवकाश!
इसी कड़ी में चंद्रबाबू नायडू ने एक और बड़ा ऐलान किया-अब राज्य की महिला कर्मचारियों को प्रसव के समय मातृत्व अवकाश देने पर कोई सीमा नहीं होगी। पहले यह सुविधा सिर्फ दो बच्चों तक सीमित थी, लेकिन अब कितने भी बच्चों के लिए मातृत्व अवकाश मिलेगा।
महिला दिवस के मौके पर प्रकाशम जिले के मरकपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में नायडू ने कहा, "हमारा उद्देश्य परिवार वृद्धि को प्रोत्साहित करना, जनसंख्या संतुलन बनाए रखना और महिलाओं को उनके पेशेवर और व्यक्तिगत जीवन में बेहतर संतुलन बनाने में मदद करना है।"
सोशल मीडिया पर मिली ऐसी प्रतिक्रिया
टीडीपी सांसद की यह घोषणा सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। टीडीपी नेता और समर्थक इसे 'क्रांतिकारी कदम' बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग 'पक्षपाती नीति' करार दे रहे हैं। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि केवल तीसरे बच्चे पर ही प्रोत्साहन क्यों? और क्या केवल बेटे के जन्म पर गाय देना लैंगिक असमानता को नहीं बढ़ाएगा?












Click it and Unblock the Notifications