आंध्र प्रदेश: चूने की खदान में जबरदस्त विस्फोट में 5 मजदूरों की मौत, CM ने दिए जांच के आदेश
हैदराबाद, मई 9। आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। दरअसल, मामिलपल्ले गांव में स्थित एक चूना पत्थर की एक खदान में जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 4 मजदूर लापता बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, इस खदान में जिलेटिन की छड़ों के कारण विस्फोट हुआ है। बताया जा रहा है कि ये हादसा उस वक्त हुआ, जब डेटोनेटर्स को दूसरी जगह ले जाया जा रहा था।

धमाके में शव हो गए क्षत विक्षत
इस धमाके में शवों की पहचान कर पाना बहुत मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने सिर्फ 5 शवों की ही पहचान की है, जबकि 4 शव लापता हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में से कुछ पुलिवेंदुला निर्वाचन क्षेत्र से थे। पुलिवेंदुला मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी का निर्वाचन क्षेत्र है। खुद मुख्यमंत्री ने इस घटना की जानकारी ली है और जांच के आदेश दिए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, कडप्पा के एसपी केकेएन अंबुराजन ने बताया है कि अभी तक 5 मृतकों की पहचान हो पाई है। शुरुआती रिपोर्ट में पता चला है कि डेटोनेटर के कारण यह धमाका हुआ है। पूरी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।












Click it and Unblock the Notifications