आंध्र प्रदेश: चेयेरू नदी में जलस्तर बढ़ने से टूटा बांध, अचानक आई बाढ़ से 3 लोगों की मौत, 30 लापता
कडप्पा, 19 नवंबर। आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में शुक्रवार को अचानक आई बाढ़ में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य लापता हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक चेयेरू नदी के ओवरफ्लो होने के कारण बांध टूटने के बाद कई गांवों में अचानक बाढ़ आ गई। पानी के बढ़े जलस्तर की वजह से नंदलूर में स्वामी आनंद मंदिर भी जलमग्न हो गया है। इस बीच कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शिव मंदिर में पूजा कर रहे कुछ श्रद्धालु भी अचानक आई बाढ़ में फंस गए।

बता दें कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के चलते आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों में बीते कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। नदियां उफान पर है, जिससे चित्तूर और कडप्पा में बीते कई वर्षों में अचानक भयानक बाढ़ आ हई। भारी बारिश के चलते कडप्पा की छोटी नदी चेयेरू में अचानक बाढ़ आने से तट पर बसे कुछ गांवों में पानी भर गया। पानी के तेज बहाव में फंसे कुछ लोगों को बाहर निकालने का काम जारी है, वहीं राजनपेट में कुछ लोग तेज बहाव में बह गए।
यह भी पढ़ें: VIDEO:भयानक बाढ़ में फंसे शख्स की महिला इंस्पेक्टर ने बचाई जान, कंधों पर रख पहुंचाया अस्पताल
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नंदलुरु के पास तीन शव बरामद किए गए हैं जबकि अन्य लोगों की तलाश जारी है। घटना के बाद से राष्ट्रीय आपदा मोचन दल और राज्य आपदा मोचन बल के दल बचाव एवं राहत कार्य में जुटे हैं। वहीं, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाय एस जगन मोहन रेड्डी ने बारिश से प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों के साथ एक वीडियो कॉन्फ्रेंस पर बात की और राहत एवं बचाव उपाय करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री बाढ़ और बारिश प्रभावित इलाकों पर नजर बनाए हुए हैं और पल-पल की जानकारी ले रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications