Anchor Boycott: 'बहिष्कार करना है तो.......', कांग्रेस के 'फायदे के लिए' बीजेपी ने दी ये सलाह-Video
14 न्यूज एंकरों का बरिष्कार करने के विपक्षी दलों के इंडिया ब्लॉक के फैसले को लेकर बीजेपी ने शुक्रवार को कांग्रेस पर करारा तंज कसा है। पार्टी ने कहा है कि मीडिया के एंकरों या किसी भी दूसरे संस्थानों के बहिष्कार से कोई फायदा नहीं होने वाला, कांग्रेस पार्टी को फायदा हो सकता है तो सिर्फ राहुल गांधी जैसे नेता का बायकॉट करने से, जिनमें कोई दम नहीं है।
बीजेपी की ओर से संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाया है कि देश में कोई भी संस्था नहीं बची है, जिसपर विपक्षी गठबंधन ने हमला नहीं किया हो। चुनाव आयोग से लेकर अदालतों और जजों तक को नहीं छोड़ा गया। ईवीएम और जनता तक को नहीं बख्शा गया है। जबकि, सब अपना काम कर रहे हैं।

'अपने फायदे के लिए.... अपने नेता का बायकॉट कीजिए'
बीजेपी ने कांग्रेस पार्टी से कहा है, 'अगर कोई है, जिसका अपने फायदे के लिए कांग्रेस को वास्तव में बहिष्कार करना चाहिए तो उनका नाम राहुल गांधी है.....आपके नेता में कोई दम नहीं है। आप किस-किस को बायकॉट करेंगे? अगर आपको बहिष्कार करना है और आगे बढ़ना है तो अपने नेता का बायकॉट कीजिए।'
'मोहब्बत' की बात करके 'नफरत' बेचते हैं- बीजेपी
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता 'मोहब्बत' की बात करते हैं, लेकिन 'नफरत' बेचते हैं। उन्होंने पूछा कि विपक्षी गठबंधन ने बहिष्कार वाली जो सूची जारी की है, वह 'टारगेट लिस्ट' की तरह है, जिसपर वे आपराधिक मामले दर्ज करने का संकेत भी दे रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि अगर उन लोगों को इन पार्टियों समेत कोई निशाना बनाता है तो इसके लिए कौन जिम्मेदार होगा।
'मीडिया के खिलाफ काम करना कांग्रेस का इतिहास'
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मीडिया के खिलाफ काम करना कांग्रेस का इतिहास रहा है। इसके लिए उन्होंने पहले पीएम जवाहर लाल नेहरू की ओर से अभिव्यक्ति की पूर्ण आजादी पर अंकुश लगाने के लिए पहला संशोधन लाने, इंदिरा गांधी की ओर से आपातकाल लगाने और राजीव गांधी की ओर से प्रस्तावित मानहानि कानून का हवाला भी दिया।
कांग्रेस ने सवाल पूछने वाले पत्रकारों का बहिष्कार किया- बीजेपी
वे बोले कि कांग्रेस नेताओं ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल खड़ा किया और बिहार के मंत्री और आरजेडी के चंद्रशेखर जैसे नेताओं ने रामचरितमानस को निशाना बनाया। इन नेताओं का बहिष्कार नहीं किया गया, लेकिन इन पार्टियों के शासित राज्यों में भ्रष्टाचार पर सवाल पूछने वाले और जी20 और भारत के बारे में अच्छी बातें करने वाले पत्रकारों का बहिष्कार कर दिया गया।
इंडिया ब्लॉक ने 14 न्यूज एंकरों का किया है बहिष्कार
पात्रा बोले कि 'नेताओं की ओर से भगवान पर सवाल उठाया जा सकता है, लेकिन पत्रकार इन नेताओं से सवाल नहीं पूछ सकते हैं।' गौरतलब है कि गुरुवार को विपक्षी दलों के इंडिया ब्लॉक ने एक बहुत बड़ा कदम उठाते हुए विभिन्न टीवी न्यूज चैनलों के 14 एंकरों के बायकॉट करने का फैसला किया है और इनकी लिस्ट जारी की है।
NBDA ने इंडिया ब्लॉक के फैसले पर जताई नाराजगी
बता दें कि न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एंड डिजिटल एसोसिएशन (NBDA) ने इंडिया ब्लॉक के इस फैसले पर सख्त नाराजगी जाहिर की है और इसे बहुत ही खतरनाक परंपरा की शुरुआत बताया है। मीडिया जगत के कई और दिग्गजों ने भी इंडिया ब्लॉक से 14 एंकरों के बायकॉट के फैसले को वापस लेने की मांग भी की है।












Click it and Unblock the Notifications