Karnataka Assembly Elections 2018: मोदी के मंत्री ने राहुल गांधी को बताया, 'खोटा हिंदुत्ववादी'
बेंगलुरु। केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने कर्नाटक में राहुल गांधी के मंदिर जाने को दिखावा बताते हुए उन्हें 'खोटा हिन्दुत्ववादी' कहा है। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तीन दिन के कर्नाटक दौरे पर थे। इस दौरान राहुल ने राज्य में कई मंदिरों के भी दर्शन किए। हेगड़े ने इस पर कहा है कि राहुल गांधी का मंदिरों में जाकर दर्शन करना किसी मनोरंजन से कम नहीं है और वो ऐसा कर बस प्रदेश की जनता का मनोरंजन ही कर रहे हैं।

अनंत कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ को हिंदुओं की उत्पत्ति के बारे में समझाने में 60 से 70 साल लग गए, अच्छा है कि कम से कम राहुल गांधी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को भी अब इस बारे में समझ में आ रहा है। हेगड़े ने कहा कि राहुल समझे कि हिंदुत्व एक संस्कृति है, जिसके निरंतर अभ्यास करने के बाद ही समझा और सीखा जा सकता है ना कि एक बार खुद को हिन्दू कह देने से। उत्तर कन्नड़ जिले के सिरसी में हेगड़े ने कहा कि आजकल फर्जी हिंदुत्ववादी पैदा हो रहे हैं।
कर्नाटक में इसी साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने हैं। प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में है और पार्टी के सीनियर नेता लगातार वहां जाकर लगातार दौरे कर रहे हैं। राहुल गांधी भी लगातार प्रदेश के दौरे कर रहे हैं। हाल में भी लगातार राहुल ने कर्नाटक में कई रैलियां कर मोदी सरकार पर निशाना साधते रहे हैं। हाल ही में राहुल का कर्नाटक में मंदिर में जाना चर्चा में रहा था। वहीं भारतीय जनता पार्टी भी लगातार कोशिश कर रही है कि एक बार फिर से सत्ता में वापसी करे।












Click it and Unblock the Notifications