चुनाव नतीजों के बाद अमित शाह ने किया ट्वीट, हरियाणा पर दिया ये बड़ा संकेत
हरियाणा के चुनाव नतीजों के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ट्वीट कर बड़ा संकेत दिया है...
नई दिल्ली। महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हो चुके हैं। महाराष्ट्र में जहां सीएम देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना के साथ गठबंधन में एक बार फिर प्रदेश की सत्ता में वापसी की है, तो वहीं हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगता हुआ नजर आ रहा है। दरअसल हरियाणा में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। यहीं नहीं, इस चुनाव में सीएम मनोहर लाल खट्टर की सरकार के कई दिग्गज मंत्रियों ने भी अपनी सीट गंवा दी है। हरियाणा में बहुमत के लिए 46 सीटें चाहिए, लेकिन कोई भी दल इस जादुई आंकड़े को नहीं छू पाया है। इस बीच हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दो ट्वीट किए हैं।

'पुनः सेवा का मौका देने के लिए जनता का अभिनंदन'
हरियाणा के चुनाव नतीजों को लेकर अमित शाह ने अपने ट्वीट में कहा, 'गत 5 वर्षों में मोदी जी के केंद्रीय नेतृत्व में खट्टर सरकार ने हरियाणा की जनता के कल्याण के लिए हर संभव प्रयास किए। भाजपा को सबसे बड़ी पार्टी बनाकर पुनः सेवा का मौका देने के लिए जनता का अभिनंदन करता हूं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, सुभाष बराला व सभी कार्यकर्ताओं को बधाई।' अमित शाह के इस ट्वीट से स्पष्ट है कि भाजपा हरियाणा में फिर से सरकार बनाने जा रही है।

महाराष्ट्र को लेकर किया ये ट्वीट
वहीं, महाराष्ट्र के चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट करते हुए कहा, 'भाजपा-शिवसेना गठबंधन में विश्वास प्रकट करने के लिए महाराष्ट्र की जनता का कोटि-कोटि अभिनंदन। मोदी जी के नेतृत्व में महाराष्ट्र सरकार निरंतर प्रदेश की प्रगति और जनता की सेवा के लिए समर्पित रहेगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, चंद्रकांत पाटिल व सभी कार्यकर्ताओं को बधाई।'

हरियाणा में त्रिशंकु विधानसभा के आसार
आपको बता दें कि गुरुवार को घोषित चुनाव नतीजों के मुताबिक हरियाणा में इस बार त्रिशंकु विधानसभा के आसार नजर आ रहे हैं। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है, क्योंकि बीजेपी, कांग्रेस के बीच मुकाबला बेहद कांटे का चल रहा है। बीजेपी 40 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। दूसरे नंबर पर कांग्रेस है, जिसके खाते में 32 सीटें जाती दिख रही हैं। हालांकि इस चुनाव में सबसे जबरदस्त कामयाबी दुष्यंत चौटाला की पार्टी जेजेपी को मिलती दिख रही है। जेजेपी 11 सीटों पर जीत दर्ज करती हुई नजर आ रही है। अब देखना ये होगा कि हरियाणा में इस बार सीएम का ताज किसके सिर पर सजता है।

महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन को बड़ी सफलता
वहीं, महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन को बड़ी सफलता मिली है। भारतीय जनता पार्टी के खाते में 102 और शिवसेना के खाते में 57 सीटें जाती हुईं नजर आ रही हैं। इस चुनाव में हालांकि एनसीपी ने अच्छा प्रदर्शन किया है और वो 54 सीटों पर जीत दर्ज करती हुई नजर आ रही है। वहीं, कांग्रेस के खाते में 44 सीटें जाती हुईं दिख रही हैं। चुनाव नतीजों के बाद शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि वो भारतीय जनता पार्टी के साथ अपना गठबंधन जारी रखेंगे और पहले से तय 50-50 के फॉर्मूले पर सरकार में शामिल होंगे। हालांकि भाजपा नेतृत्व की तरफ से अभी तक इसपर कोई बयान नहीं आया है।












Click it and Unblock the Notifications