'...तो क्या LoC ट्रेड, अलग झंडा, JKNC जैसी सोच को समर्थन', अमित शाह ने कांग्रेस से पूछे 10 सवाल
जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव (Jammu Kashmir Assembly Elections 2024) के बीच एनडीए को चुनौती देने के लिए कांग्रेस ने नेशनल कांफ्रेंस पार्टी से गठजोड़ किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक राहुल गांधी के कश्मीर दौरे के बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने 23 अगस्त को बताया कि ज्यादातर सीटों सीट शेयरिंग की बात फाइनल हो चुकी है। जबकि कुछ सीटों पर सहमति बनाने के लिए बातचीत का दौर जारी है। इस बीच बीजेपी ने कांग्रेस- नेशनल कॉन्फ्रेंस के बीच गठजोड़ पर तंज कसा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने कांग्रेस और राहुल गांधी से 10 सवाल पूछे हैं।
कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेस के बीच गठजोड़ की जानकारी देते हुए उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी की कांग्रेस के साथ 90 सीटों में से अधिकतर पर सहमति बन गई है। उन्होंने दावा किया कि बाकी की सीटों से जुड़े मुद्दों को भी जल्द सुलझा लिया जाएगा।

एक बयान में उन्होंने कहा, "कुछ सीटों पर हम अड़े हुए हैं। कुछ सीटों पर कांग्रेस के स्थानीय नेता अड़े हुए हैं। आज फिर बैठेंगे, और कोशिश करेंगे कि बाकी सीटों को गठबंधन के दायरे में लाकर हम अपने उम्मीदवार का एलान करें। अभी मैं एक-एक सीट के बारे में नहीं बता सकता हूं कि कौन सी सीट किसके पास होगी।"
इस बीच बीजेपी कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस के बीच गठबंधन को लेकर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा, "सत्ता के लालच में बार-बार देश की एकता और सुरक्षा के साथ खेलने वाली कांग्रेस पार्टी ने जम्मू-कश्मीर चुनाव में अब्दुल्ला परिवार की 'नेशनल कांफ्रेंस' के साथ गठबंधन करके फिर से अपने मंसूबों को देश के सामने रखा है।"
नेशनल कांफ्रेंस के घोषणा पत्र के वादों पर कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी से शाह के 10 सवाल-
- क्या कांग्रेस 'नेशनल कांफ्रेंस' के जम्मू-कश्मीर में फिर से 'अलग झंडे' के वादे का समर्थन करती है?
- क्या राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी धारा 370 और आर्टिकल 35A को वापस लाकर जम्मू-कश्मीर को फिर से अशांति और आतंकवाद के युग में धकेलने के JKNC के निर्णय का समर्थन करती है?
- क्या कांग्रेस कश्मीर के युवाओं के बदले पाकिस्तान के साथ वार्ता करके फिर से अलगाववाद को बढ़ावा देने का समर्थन करती है?
- क्या कांग्रेस पार्टी और राहुल गाँधी, पाकिस्तान के साथ 'LoC ट्रेड' शुरू करने के नेशनल कांफ्रेंस के निर्णय से फिर से बॉर्डर पार से आतंकवाद और उसके इकोसिस्टम का पोषण करने का समर्थन करते हैं?
- क्या कांग्रेस आतंकवाद और पत्थरबाजी की घटनाओं में शामिल लोगों के परिजनों को फिर से सरकारी नौकरी में बहाल करके आतंकवाद, दहशतगर्दी और बंद के दौर को फिर से लाने का समर्थन करती है?
- इस गठबंधन से कांग्रेस पार्टी का आरक्षण विरोधी चेहरासामने आया है। क्या कांग्रेस दलितों, गुज्जर, बकरवाल और पहाड़ियों के आरक्षण को समाप्त कर फिर से उनके साथ अन्याय करने के JKNC के वादे के साथ है?
- क्या कांग्रेस चाहती है कि 'शंकराचार्य पर्वत' 'तख्त-ए-सुलिमान' और 'हरि पर्वत', 'कोह-ए-मारन' के नाम से जाने जाएं?
- क्या कांग्रेस जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था को एक बार फिर से भ्रष्टाचार की आग में झोंक कर पाकिस्तान समर्थित गिने चुने परिवारों के हाथों में सौपने का समर्थन करती है?
- क्या कांग्रेस पार्टी JKNC के जम्मू और घाटी के बीच भेदभाव की राजनीति का समर्थन करती है?
- क्या कांग्रेस और राहुल गांधी कश्मीर को ऑटोनॉमी देने की JKNC की विभाजनकारी सोच और नीतियों का समर्थन करते हैं?












Click it and Unblock the Notifications