हजारीबाग में नक्सलियों को मार गिराए जाने के बाद अमित शाह का बड़ा दावा- जल्द पूरे देश से खत्म होगा नक्सलवाद
Jharkhand Naxalism: झारखंड के हजारीबाग जिले में सोमवार सुबह सुरक्षा बलों को नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की कोबरा बटालियन और राज्य पुलिस के संयुक्त अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अभियान के तहत तीन नक्सलियों को मार गिराया, जिनमें कुख्यात नक्सली कमांडर सहदेव सोरेन उर्फ परवेश भी शामिल था और इस पर 1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियानों में एक बड़ी सफलता बताया। इसके साथ ही शाह ने दावा किया कि इस ऑपरेशन के बाद उत्तरी झारखंड के बोकारो क्षेत्र से नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो गया है और जल्द ही पूरे देश से नक्सवाद का खात्मा हो जाएगा और हमारा देश इस समस्या से मुक्त हो जाएगा।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने एक्स' पर लिखा, "आज झारखंड के हजारीबाग में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन और राज्य पुलिस की संयुक्त टीम को एंटी नक्सल ऑपरेशन में बड़ी कामयाबी मिली है।" इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के बाद, उत्तरी झारखंड के बोकारो क्षेत्र को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त घोषित किया गया है।
2 इनामी कुख्यात नक्सली का भी हुआ खात्मा
शाह ने आगे बताया, "इस अभियान में 1 करोड़ रुपये के इनामी, कुख्यात नक्सली कमांडर सीसीएम सहदेव सोरेन उर्फ परवेश को मार गिराया गया है। साथ ही, सुरक्षा बलों ने दो अन्य इनामी नक्सलियों, रघुनाथ हेम्ब्रम उर्फ चंचल और बिरसेन गांझू उर्फ रामखेलावन को भी ढेर कर दिया।" उन्होंने बताया मारे गए नक्सलियों में सहदेव सोरेन पर 1 करोड़ रुपये, रघुनाथ हेम्ब्रम पर 25 लाख रुपये और वीर सेन गांझू पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
रघुनाथ हेम्ब्रम भाकपा माओवादी संगठन की झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी का सदस्य था। घटनास्थल से तीन एके-47 राइफलें भी बरामद की गईं। यह झारखंड पुलिस की दो दिनों के भीतर दूसरी बड़ी सफलता है।
एक दिन पहले ये इनामी नक्सली मुठभेड़ में मारा गया
इससे पहले रविवार को पलामू के मनातू जंगल में सुरक्षाबलों और प्रतिबंधित संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के बीच हुई मुठभेड़ में 5 लाख रुपये के इनामी नक्सली मुखदेव यादव को मार गिराया गया था। 7 सितंबर को पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बुर्जुवा पहाड़ी पर पुलिस ने 10 लाख रुपये के इनामी नक्सली अमित हांसदा उर्फ अपटन को ढेर किया था।












Click it and Unblock the Notifications