मणिपुर में हिंसा के बीच स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा?
मणिपुर में हिंसा के बीच 2 महीने बाद स्कूल खोल दिए गए हैं। स्कूलों के खुलने के बाद अब ये सवाल उठने लगे हैं कि आखिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा?
गुरुवार मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में एक स्कूल के बाहर अज्ञात बंदूकधारियों ने एक अधेड़ उम्र की महिला की गोली मारकर हत्या कर थी। इस घटना से एक दिन पहले ही राज्य सरकार ने हिंसा प्रभावित राज्य में दो महीने के बाद शैक्षणिक संस्थानों को फिर से खोलने का आदेश दिया था।

जहां पहले दिन सभी जिलों के स्कूलों कम उपस्थिति दर्ज की गई। वहीं लगातार हिंसा और आगजनी के कारण अभिभावक गुरुवार को भी अपने बच्चों को स्कूल भेजने से डरते दिखे।
स्कूल के बाहर महिला की मौत ने अभिभावकों को और भी परेशान कर दिया है। हर किसी के मन में यही सवाल है कि उनके बच्चे स्कूलों में सुरक्षित रहेंगे या नहीं।
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक एक स्कूल प्रिंसिपल ने कहा कि अभिभावक स्थिति सामान्य होने से पहले अपने बच्चों को स्कूल भेजने के इच्छुक नहीं हैं। बुधवार को कक्षा 1 से 8 तक की कक्षाएं फिर से शुरू हुईं लेकिन छात्र ना के बराबर थे।
हालांकि कई छात्रों और अभिभावकों ने कक्षाएं फिर से शुरू करने के राज्य सरकार के फैसले का स्वागत किया है। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कक्षा 1 से 8 तक के लिए स्कूलों को 5 जुलाई से फिर से खोलने की घोषणा की थी।
पीटीआई के मुताबिक कक्षा 1 के छात्र लिनथोई ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं। आखिरकार, दो महीने के इंतजार के बाद, मैं अपने दोस्तों और शिक्षकों से मिल पाऊंगा। इसके अलावा, मैं नई चीजें सीखूंगा।" उसने कहा कि स्कूल बंद होने से उसका जीवन बेहद बेकार और उबाऊ हो गया था।
कई छात्रों ने कहा कि राज्य सरकार को यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाना चाहिए कि स्थिति तनावपूर्ण होने पर भी स्कूल रोजाना कम से कम कुछ घंटों के लिए खुले रहें।
कक्षा 4 के एक छात्र के पिता भाबेश शर्मा ने उम्मीद जताई कि कक्षाएं जारी रखने के लिए स्थिति सामान्य रहेगी और बच्चों को सरकार सुरक्षा देगी। उन्होंने कहा, ''एक पिता होने के नाते मैंने अपनी उंगलियां क्रॉस करके रखी है। शिक्षा महत्वपूर्ण है और मुझे पूरी उम्मीद है कि राज्य में शांति लौटेगी।'' हालांकि, उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा उनकी चिंता बनी हुई है।
कक्षा 5 के एक लड़के के माता-पिता लैशराम इबोचौबा ने कक्षाएं फिर से शुरू करने के सरकार के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि सरकार किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में छात्रों के लिए सुरक्षा कदम उठाएगी।"












Click it and Unblock the Notifications