अमेरिकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन पहुंचे भारत, इन तीन मुद्दों पर होगी चर्चा
नई दिल्ली। रेक्स टिलरसन बतौर अमेरिकी विदेश मंत्री पहली बार नई दिल्ली पहुंचे हैं। काबुल और इस्लामाबाद की यात्रा के बाद मंगलवार शाम को टिलरसन भारत पहुंचे, जहां वे पहले सुषमा स्वराज और फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। बीते एक महीने में ट्रंप प्रशासन की तरफ से टिलरसन दूसरे प्रतिनिधि के रूप में भारत आए हैं।टिलरसन का यह दौरा बहुत अहम होने वाला है, जिसमें अफगानिस्तान, पाकिस्तान और चीन के मुद्दों पर चर्चा होगी।

रेक्स टिलरसन बुधवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात कर अफगानिस्तान में तालिबान के मुद्दे पर चर्चा करेंगे। टिलरसन के इस दौरे पर अफगानिस्तान मुद्दा छाया रहेगा। पिछले 16 साल से अफगानिस्तान में तालिबान के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे अमेरिका ने भारत से सहयोग की बात कही है। दक्षिण एशिया दौरे से पहले टिलरसन ने व्हाइट हाउस में कहा था कि अफगानिस्तान में शांति स्थापित करने लिए भारत एक अहम योगदान दे सकता है।
इस दौरे पर आतंकवाद दूसरा सबसे बड़ा मुद्दा होने वाला है, जिसमें भारत और अमेरिका पाकिस्तान की सह पर पल रहे आतंकी सगंठनों पर चर्चा करेंगे। भारत आने से पहले टिलरसन इस्लामाबाद में थे, जहां वे पाकिस्तान के पीएम शाहिद खकान अब्बासी से मुलाकात कर आतंकवाद के खिलाफ सख्त कदम उठाने को कहा। इससे पहले अगस्त में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा था कि यह देश चरमपंथी तत्वों का सुरक्षित पनाहगाह बनता जा रहा है।
अपने दक्षिण एशियाई दौरे पर टिलरसन ने चीन की यात्रा नहीं की है। नई दिल्ली पहुंचे टिलरसन चीन को लेकर कई मुद्दों पर चर्चा करने वाले हैं, जिसमें साउथ चाइना सी और नॉर्थ कोरिया मुद्दा टेबल पर रखा जाएगा। टिलरसन ने 18 अक्टूबर को कहा था कि अमेरिका के संबंध चीन और भारत के साथ एक जैसे नहीं हो सकते हैं। उन्होंने कहा था कि एक अलोकतांत्रिक देश के साथ अमेरिका के संबंध हमेशा अलग रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications