Lok Sabha Election 2024: नतीजों के बाद INDI गठबंधन के नेताओं का दिल्ली बुलावा, बनेगी आगे की रणनीति
INDIA Alliance Meeting: लोकसभा चुनाव 2024 की मतगणना का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। मंगलवार 4 जून को 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। हालांकि तमाम एग्जिट पोल में एनडीए की वापसी की संभावना जताई जा रही है, लेकिन विपक्ष के गठबंधन इंडिया का दावा है कि उनको 295+ सीटें मिलेंगी।
इस बीच मतगणना के बाद विपक्षी दल की पार्टियों के नेता दिल्ली में इकट्ठा होंगे। यानी कि लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद इंडिया गठबंधन के नेता एक बार फिर दिल्ली में जुटेंगे।

गठबंधन के सभी दलों के नेताओं से कल (4 जून) देर शाम या परसों (5 जून) सुबह तक दिल्ली पहुंचने के लिए कहा गया है। कांग्रेस की ओर से गठबंधन के सभी वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली में आने का बुलावा दिया गया है। माना जा रहा है कि सभी दल बैठक कर नतीजों के बाद आगे की रणनीति बनाएंगे।
न्यूज एजेंसी एएनआई ने कांग्रेस के सूत्रों के हवाले से बताया है कि कांग्रेस के इस बुलावे पर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने भी सकारात्मक रुख अपनाया है। कहा जा रहा है कि चुनाव के नतीजों के बाद इंडिया ब्लॉक के नेताओं की बैठक होगी।
आगे की रणनीति होगी तय
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक नतीजों में अगर सीटों की संख्या उम्मीद और आकलन के मुताबिक नहीं आती है तो प्रदर्शन, प्रेस कांन्फ्रेंस, राष्ट्रपति से मुलाकात समेत अन्य विकल्पों पर चर्चा की जाएगी। चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल खड़े करने की रणनीति पर विचार किया जा सकता है।
वोटिंग के बाद इंडिया गठबंधन की हुई थी मीटिंग
बता दें कि इससे पहले 7वें और अंतिम चरण के मतदान के बाद भी इंडिया गठबंधन के सभी नेता दिल्ली में जुटे थे, जहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर अहम बैठक हुई, जिसमें दावा किया था कि गठबंधन को 295 सीटें मिलने जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications