पत्थरबाजी में युवा की मौत पर आहत मुफ्ती आज करेंगी सर्वदलीय बैठक
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर में जिस तरह से पत्थरबाजी में 22 साल के युवा की मौत हुई है उसपर मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह मानवता की हत्या है। इस घटना ने मेरे भीतर की मां को पूरी तरह से झकझोर दिया है। चेन्नई के निवासी तिरुमणि जिनकी पत्थरबाजी में मौत हो गई, उनके पिता से मिलने के बाद मुफ्ती ने कहा कि पत्थरबाजों का कोई धर्म नहीं होता है। घाटी में पत्थरबाजी पर मुख्यमंत्री ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है और इस मुद्दे का समाधान निकालने की बात कही है।

आज होने वाली सर्वदलीय बैठक में कई दलों के प्रतिनिधि हिस्सा ले सकते हैं। यह बैठक शेर-ए-कश्मीर कॉफ्रेंस सेंटर में होगी। चेन्नई के युवा की मौत पर दुख जाहिर करते हुए मुफ्ती ने कहा कि जम्मू कश्मीर में पहले कभी ऐसा नहीं सुना गया था, इस मुद्दे पर टीवी चैनल पर कई दिनों तक डिबेट होगी लेकिन हम मानवता की हत्या को चुपचाप देखते रहेंगे। हम अपने बच्चों को कौन सी शिक्षा दे रहे हैं कि लोग पत्थर उठाकर सड़क पर दौड़ रहे हैं और किसी भी व्यक्ति को मार देते हैं। इस्लाम हमे यह शिक्षा नहीं देता है, हमारा धर्म हमे अपने मेहमानों के स्वागत की शिक्षा देता है। जो लोग किसी को मारने के लिए पत्थर उठाते हैं उनका कोई धर्म नहीं होता है।
चेन्नई के एक पर्यटक की मौत के बाद जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती सोमवार को अस्पताल पहुंची थी और मृतक के परिजनों से मिल उन्हें सांत्वना दी। इस घटना की कश्मीर के सभी दलों और संगठनों ने निंदा की है। हुर्रियत के दोनों धड़ों और जे के एल एफ को मिलाकर बनाए ए आर एल ने दोषियों को गिरफ्तार करने की माँग की और लोगों को हड़ताल खत्म कर सामान्य जीवन मे लौटने की अपील की है। उमर अब्दुल्ला ने इस घटना की कड़ी निन्दा की है और इसे कश्मीर के लिए शर्मिंदा करने वाला हादसा बताया है।
सोमवार को नारबल इलाके में चेन्नई से आए पर्यटकों का एक दल पत्थरबाजी की चपेट में आ गया। इसमें एक पर्यटक भी घायल हो गया, उसे सौरा स्थित एसकेआईएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। चेननई के मृतक पर्यटक का नाम थिरूमनी है। थिरूमनी 22 साल का था। पुलिस ने कहा है कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है












Click it and Unblock the Notifications