RSS का प्रतिनिधि सम्मेलन आज से, हो सकता है अहम ऐलान
नागपुर। आरएसएस की तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की आज से शुरुआत हो रही है। इस सभा में तमाम आरएसएस के पदाधिकारी शामिल होंगे। यह बैठक काफी अहम है क्योंकि 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले यह बैठक हो रही है और इस बैठक में माना जा रहा है कि तमाम संघ के कार्यकर्ताओं को इस बात की जानकारी दी जाएगी कि आने वाले समये में उन्हें किस मुद्दे पर काम करना है।

आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार के मुखिया मनोहर वैद्य ने गुरुवार को बताया कि इस बैठक में दो अहम प्रस्ताव पास किए जाएंगे, हालांकि उन्होंने इन प्रस्तावों की जानकारी नहीं दी थी। लेकिन माना जा रहा है कि इस बैठक में आने वाले समय में किस मुद्दों पर संघ के कार्यकर्ताओं को काम करना है इसकी घोषणा होगी। इस बैठक में देशभर के तकरीबन 1500 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। वैद्य ने बताया कि आरएसएस का देश में काफी विस्तार हुआ है, बड़ी संख्या में लोग आरएसएस में शामिल हो रहे हैं। यह बैठक तीन वर्ष में एक बार होती है। बैठक में संघ के नंबर दो पदाधिकारी को इसकी आजादी होती है कि वह सह सरकार्यवाहक का चुनाव कर सके।
संघ के अलग-अलग पदों के लिए चुनाव होता है, वैद्य के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में आरएसएस के प्रति लोगों को रुचि बढ़ी है। आईटी सेक्टर के युवाओं को संघ से जोड़ने के लिए आईटी मिलन कार्यक्रम की शुरुआत की गई है जोकि काफी सफल रहा है। युवा संघ में शामिल हो रहे हैं ताकि वह अपनी सांस्कृति विरासत को जान सके। उन्होंने देशभर में मूर्ति तोड़े जाने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। संघ की प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अखिल भारत प्रचार के मुखिया नरेंद्र नाथ ठाकुर, विदर्भ प्रचार के मुखिया अनिल सामरे उपस्थित थे।
वहीं भाजपा की ओर से इस बैठक में अमित शाह, राम माधव शामिल हो सकते हैं। पूर्वोत्तर राज्यों में भाजपा की सफलता इस बैठक में अहम मुद्दा रह सकती है, माना जा रहा है कि इसपर भी इस बैठक में चर्चा होगी। पूर्वोत्तर की जीत के बाद अमित शाह ने संघ प्रमुख से उसी रात मुलाकात की थी। आज से शुरु हो रहे कार्यक्रम में कर्नाटक के चुनाव व 2019 के चुनाव पर भी चर्चा होगी।












Click it and Unblock the Notifications