जानिए इस समय कहां हैं जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटियां और क्या करती हैं
Recommended Video
श्रीनगर। पांच अगस्त को जब सरकार ने जम्मू कश्मीर में लागू धारा 370 को हटाने का फैसला किया तो उसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा जावेद की भी प्रतिक्रिया आई। इल्तिजा ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह कश्मीर के लोगों के अधिकारों को छीनने की कोशिश कर रही है। इसके अलावा उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह पर भी झूठ बोलने का बड़ा आरोप लगाया। जहां महबूबा मुफ्ती के बारे में तो हर कोई जानता है लेकिन उनकी बेटियों के बारे में कम ही लोगों को मालूम है। आइए आपको बताते हैं कि महबूबा की बेटियां आखिर क्या करती हैं और कहां रहती हैं।

खबरों से दूर रहती हैं बेटियां
इल्तिजा और इर्तिका जावेद, महबूबा की दो बेटियां जो अक्सर खबरों से दूर रहती हैं। महबूबा की शादी साल 1984 में जावेद इकबाल से हुई जो पेशे से एक बिजनेस मैन हैं। 1987 में दोनों का तलाक हुआ और तब तक दोनों इल्तिजा और इर्तिका के मां-बाप बन चुके थे। जानवरों के अधिकारों के लिए लड़ने वाले जावेद ने साल 2016 में एक इंटरव्यू में कहा था कि महबूबा के साथ उनके तलाक की वजह की कहानी बहुत लंबी है लेकिन उन्होंने महबूबा को ही इसके लिए जिम्मेदारी ठहराया था। तलाक के बाद महबूबा ने ही दोनों बेटियों को पाला पोसा। बताते हैं कि उनकी बेटियों की कुछ पढ़ाई दिल्ली में तो कुछ कश्मीर में और कुछ विदेश में हुई है।

एक बेटी हाई कमीशन ऑफिसर
इल्तिजा को घर में प्यार से लोग सना कहकर भी बुलाते हैं। इल्तिजा, लंदन स्थित भारतीय हाई कमीशन में सीनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर हैं लेकिन इन दिनों कश्मीर में ही रह रही हैं। बताया जाता है कि उन्होंने विदेश से इंटरनेशनल रिलेशंस की पढ़ाई की है। जिस समय महबूबा को गिरफ्तार किया गया इल्तिजा ही अपनी मां के साथ थीं। इल्तिजा ने बीबीसी के साथ बातचीत में बताया था कि उनकी मां को आंखों के सामने ले जाया गया और एक गेस्ट हाउस में रखा गया है। इल्तिजा ने कहा कि गेस्ट हाउस घर से बस 10-15 मिनट की दूरी पर है लेकिन इसके बाद भी उन्हें मिलने नहीं दिया जा रहा है।

दूसरी बेटी बॉलीवुड में राइटर
जिस समय महबूबा ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी तो उस समय इल्तिजा ने उम्मीद जताई थी कि मां घाटी के हालातों को सुधार देंगी। अब बात महबूबा की छोटी बेटी इर्तिका के बारे में। इर्तिका अपने खानदान से अलग इन दिनों बॉलीवुड में सपने को पूरा करने की कोशिशों में लगी हुई हैं। इर्तिका, मुंबई में अपने मामा तसादुक मुफ्ती के साथ रहती हैं। मामा एक सिनेमैटोग्राफर हैं और इर्तिका को भी अब बॉलीवुड में करियर बनाना है।

ओंकारा और कमीने जैसी फिल्मों से जुड़ी बेटी
इर्तिका एक राइटर हैं। इर्तिका का नाम बॉलीवुड की दो फिल्मों कमीने और ओंकारा से भी जुड़ा है। इर्तिका ने अमेरिका से स्क्रीन राइटिंग में स्पेशलाइजेशन किया हुआ है। इर्तिका को एक्टिंग का भी शौक है। इल्तिजा का मानना है कि उनकी मां ने जीवन में काफी स्ट्रगल किया है और वह किसी से नहीं डरती हैं।












Click it and Unblock the Notifications