अखिलेश यादव के चॉपर में हुई देरी पर अधिकारियों का बयान, इस वजह से रोका गया था हेलिकॉप्टर
नई दिल्ली, जनवरी 28। राजधानी दिल्ली में अखिलेश यादव के चॉपर को उड़ने में हुई देरी को लेकर हो रही सियासत के बीच एयरपोर्ट अधिकारियों की तरफ से उनकी प्रतिक्रिया आई है। दिल्ली एयरपोर्ट के अधिकारियों की तरफ से कहा गया है कि अखिलेश यादव के चॉपर को हाई एयर ट्रैफिक के कारण रोका गया था। आपको बता दें कि अखिलेश यादव ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि उनके हेलिकॉप्टर को जानबूझकर दिल्ली में रोका गया था।

एयरपोर्ट अधिकारी का आधिकारिक बयान
अखिलेश यादव के इन आरोपों पर एयरपोर्ट अथॉरिटी की तरफ से आधिकारिक बयान आया है। एक अधिकारी ने बताया है, "अखिलेश यादव के हेलिकॉप्टर को हाई एयर ट्रैफिक के कारण उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई थी, लेकिन बाद में मंजूरी दिए जाने के बाद हेलिकॉप्टर में फ्यूल कम था। फ्यूल भरने के बाद हेलिकॉप्टर ने उड़ान भर ली थी।"
अखिलेश ने लगाए थे ये आरोप
आपको बता दें कि अखिलेश यादव ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि उनके हेलीकॉप्टर को बिना वजह दिल्ली एयरपोर्ट पर रोक दिया गया। अखिलेश यादव लखनऊ से कमर्शियल विमान से दिल्ली पहुंचे थे और दिल्ली से मुजफ्फरनगर जाना था, जहां उन्हें जयंत चौधरी के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करनी थी, इसीलिए अखिलेश यादव हेलिकॉप्टर से दिल्ली आए थे।
अखिलेश यादव ने एक ट्वीट कर कहा, ''मेरे हेलिकॉप्टर को अभी भी बिना किसी कारण बताए दिल्ली में रोककर रखा गया है और मुजफ्फरनगर नहीं जाने दिया जा रहा है, जबकि भाजपा के एक शीर्ष नेता अभी यहां से उड़े हैं। हारती हुई BJP की ये हताशा भरी साजिश है। जनता सब समझ रही है।''












Click it and Unblock the Notifications