यूपी में महागठबंधन का फार्मूला तैयार, बीजेपी को यूं सरप्राइज देंगे मायावती-अखिलेश, जानें सीटों का गणित
लखनऊ। 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती उत्तर प्रदेश में है। केंद्र में सरकार बनाने का रास्ता 80 लोकसभा सीटों वाले इसी राज्य से होकर निकलता है। 2014 लोकसभा चुनाव में यहां बीजेपी ने बसपा-बसपा-कांग्रेस तीनों का सूपड़ा साफ कर दिया था। पिछले काफी समय से यूपी में महागठबंधन को लेकर जोरदार चर्चा हो रही है, पर अब तक कोई ऐसी खबर नहीं आई थी जिससे इसके अस्तित्व को लेकर कोई मजबूत संकेत मिले। काफी इंतजार के बाद ही सही, लेकिन अब महागठबंधन को हरी झंडी मिलती दिख रही है। खबर है कि सपा, बसपा और आरएलडी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर फार्मूला लगभग तय हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, महागठबंधन की घोषणा औचक की जाएगी, जिससे कि बीजेपी को इसकी रणनीति का आभाष न हो सके। मतलब या तो ठीक चुनावों की घोषणा के साथ या उससे थोड़ा पहले और थोड़ा बाद।

अखिलेश यादव और मायावती के बीच कैसे होगा सीटों का बंटवारा
सूत्रों के मुताबिक, अभी तक महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर जो फार्मूला सामने आया है, उसके तहत बसपा को सबसे ज्यादा सीटें मिलने की उम्मीद है। मायावती पहले ही कह चुकी हैं कि वह सीटों पर समझौता नहीं करेंगी। बसपा सुप्रीमो का दबाव काम आता भी दिख रहा है। सूत्रों का कहना है कि 80 सीटों वाले उत्तर प्रदेश में बसपा को 40, सपा को 30, कांग्रेस को 7 और आरएलडी को 3 लोकसभा सीटें मिलने की उम्मीद है।

यही फार्मूला अंतिम हुआ तो कांग्रेस जा सकती है गठबंधन से अलग
यूपी में महागठबंधन को लेकर बने फार्मूले में सबसे ज्यादा नुकसान कांग्रेस को होता दिख रही है। इन सभी दलों में कांग्रेस इकलौती राष्ट्रीय पार्टी है, लेकिन उसे सिर्फ 7 सीटों देने का प्रस्ताव है। नरेंद्र मोदी और अमित शाह को किसी भी कीमत पर हराने की कसम खा चुके राहुल गांधी के लिए भी 7 सीटों पर समझौता करना बड़ा कठिन हो सकता है। वैसे भी लोकसभा चुनाव से ठीक पहले होने वाले विधानसभा चुनावों में मायावती कांग्रेस को बड़ा झटका दे चुकी हैं। छत्तीसगढ़ में मायावती ने अजीत जोगी से समझौता कर लिया तो मध्य प्रदेश और राजस्थान में वह अकेले लड़ने का ऐलान कर चुकी हैं। ऐसे में देखना होगा कि कांग्रेस यूपी में महागठबंधन को लेकर कैसा रुख अपनाती है। सूत्रों का दावा है कि कांग्रेस 12 से 15 सीट चाहती है, इससे कम पर वह मानने को तैयार नहीं है।

2014 लोकसभा चुनाव में प्रदर्शन के हिसाब से सीटों का बंटवारा
यूपी महागठबंधन में सीट बंटवारे का आधार 2014 लोकसभा चुनाव में प्रदर्शन को माना गया है। इसी के आधार पर अभी तक का फार्मूला तय किया गया है। पिछले आम चुनाव में यूपी में बसपा सबसे ज्यादा 34 लोकसभा सीटों पर दूसरे नंबर पर रही थी। समाजवादी पार्टी 31 सीटों पर नंबर दो थी। कांग्रेस सिर्फ 6 सीटों पर नंबर की पोजिशन हासिल कर पाई थी, जबकि आरएलडी सिर्फ 1 सीट पर दूसरे नंबर पर रही थी।












Click it and Unblock the Notifications