एके एंटनी के बेटे बीजेपी में गए तो ओवैसी ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों से क्यों कहा 'बहुत खूब'?
ओवैसी ने एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी के बहाने कांग्रेस समेत सभी कथित धर्मनिरपेक्ष पार्टियों पर जोरदार हमला किया है। हैदराबाद के सांसद ने कहा है कि धर्मनिरपेक्षता के नोटरी एजेंट सेक्युलर होने का सर्टिफिकेट बांटेंगे!

हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी को एके एंटनी के बेटे के बहाने कांग्रेस और उसके सहयोगियों को सुनाने का खूब मौका मिल गया है। एक दिन पहले ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें बीजेपी का एजेंट कह दिया था। अब ओवैसी ने एंटनी और उनके बेटे का नाम लेकर सवाल उठाया है और कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों को धर्मनिरपेक्षता का नोटरी एजेंट कह दिया है।

नोटरी एजेंट धर्मनिरपेक्षता का सर्टिफिकेट बांटेंगे?- ओवैसी
पूर्व रक्षा मंत्री और कांग्रेस बुजुर्ग नेता एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी ने अपने पिता की पार्टी की जगह भारतीय जनता पार्टी को चुना है तो असदुद्दीन ओवैसी को उसे सुनाने का बढ़िया मौका मिल गया है। हैदराबाद के सांसद ने गुरुवार को ट्विटर के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया में लिखा है कि 'धर्मनिरपेक्षता के नोटरी एजेंट सर्टिफिकेट बांटेंगे कि सेक्युलर कौन है।'

बीजेपी में शामिल हुए हैं अनिल के एंटनी
अनिल के एंटनी गुरुवार को ही नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और वी मुरलीधरन की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व की खिंचाई की है कि वह पूरे देश के लिए काम करने के बजाए सिर्फ 'एक परिवार' के लिए काम कर रही है। वे केरल में पार्टी के डिजिटल मीडिया सेल के प्रमुख थे।

बीबीसी डॉक्यूमेंट्री के मसले पर छोड़ी थी कांग्रेस
पिछले दिनों जब प्रधानमंत्री नरेंद्र के खिलाफ बीबीसी की विवादित डॉक्यूमेंट्री आई थी और उस मसले पर कांग्रेस ने जो रवैया अपनाया था, जूनियर एंटनी को वह पसंद नहीं आया और पार्टी की आलोचना करते हुए उन्होंने उससे किनारा कर लिया।
वैचारिक अंतर के लिए उठाया कदम- अनिल एंटनी
जब उनसे पूछा गया कि बीजेपी में शामिल होने के बारे में उन्होंने अपने पिता की राय ली है तो वे बोले- 'यह व्यक्तित्व के बारे में नहीं है, यह राय और विचारों के अंतर के लिए है। मैं मजबूती से विश्वास करता हूं कि मैंने सही कदम उठाया है। मेरे लिए मेरे पिता के प्रति सम्मान वैसा ही रहेगा।'

ओवैसी को मिला 'बी' टीम के आरोपों पर जवाब देने का मौका
ओवैसी को कांग्रेस परिवार में 'विचारों के इस अंतर' पर हमला करने का मौका मिल गया है। क्योंकि, तमाम विपक्षी पार्टियां, खासकर कांग्रेस उनकी पार्टी एआईएमआईएम को बीजेपी की 'बी' टीम बता देती है। अब हैदराबाद के सांसद को उसपर जवाब देने का मौका मिला है।
'नोटरी एजेंट सर्टिफिकेट बांटेंगे कि सेक्युलर कौन है, बहुत खूब'
ओवैसी ने ट्विटर पर अनिल एंटनी के बीजेपी में शामिल होने का वीडियो शेयर करते हुए लिखा है, 'पिता एंटनी 'ए' टीम, बेटा एंटनी 'बी' टीम में....लेकिन धर्मनिरपेक्षता के नोटरी एजेंट सर्टिफिकेट बांटेंगे कि सेक्युलर कौन है, बहुत खूब।'

Recommended Video
नीतीश ने ओवैसी को कहा था बीजेपी का 'एजेंट'
दरअसल, बुधवार को ही बिहार के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के सहयोगी नीतीश कुमार ने भी ओवैसी को बीजेपी का 'एजेंट' कह दिया था। क्योंकि, ओवैसी ने बिहार में रामनवमी जूलूस के दौरान हुए सांप्रदायिक फसाद के लिए प्रदेश की महागठबंधन सरकार को जिम्मेदार ठहराया था।
'दिल्ली की सत्ता में बैठे लोगों के एक एजेंट हैं'
हुआ ये था कि बिहार में सांप्रदायिक तनाव के संबंध में जब नीतीश का ध्यान ओवैसी की टिप्पणियों की ओर खींचा गया तो उन्होंने कहा, 'वह कौन हैं? वह कहां के हैं? बिहार में उनका क्या है?' उन्होंने आरोप लगाया कि एआईएमआईएम चीफ 'दिल्ली की सत्ता में बैठे लोगों के एक एजेंट हैं।'

उन्होंने दावा किया कि 'जब मैं अलग (बीजेपी से) हो गया तो उन्होंने (ओवैसी ने) मुझसे मिलने की इच्छा जताई। मैंने मना कर दिया।' वैसे पिछले विधानसभा चुनाव में बिहार में एआईएमआईएम ने अपने दम पर 5 सीटें जीती थीं, जिनमें से 4 विधायक आरजेडी में शामिल हो गए थे, नीतीश की सरकार को उनका भी समर्थन हासिल है।












Click it and Unblock the Notifications