Air India में टॉयलेट बंद होने के कारण शिकागो से दिल्ली आ रही फ्लाइट वापस लौटी, पाइप में मिले कपड़े-प्लास्टिक
Air India: 5 मार्च को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-126, जो शिकागो से दिल्ली जा रही थी, को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा। यह विमान बोइंग 777-300ER था, जिसमें 300 यात्री सवार थे। उड़ान के दौरान टॉयलेट चोक हो गए, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।
NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, विमान से मिली तस्वीरों में दिखाया गया है कि विमान के टॉयलेट सिस्टम में एक बड़ा कपड़ा फंसा हुआ था। इसके अलावा, प्लास्टिक कचरा भी पाइप में फंसा मिला। जांच के दौरान पाया गया कि यात्रियों ने पॉलीथिन बैग, कपड़े और अन्य सामान टॉयलेट में फ्लश कर दिया था, जिससे पाइप जाम हो गए।

फ्लाइट को अटलांटिक से वापस बुलाया गया
विमान ग्रीनलैंड के ऊपर उड़ान भर रहा था, जब इसके 12 में से 8 टॉयलेट काम करना बंद कर दिए। उस समय यूरोप के कुछ शहरों में लैंडिंग का विकल्प था, लेकिन रात के समय संचालन प्रतिबंधों के कारण विमान को वापस शिकागो भेजने का फैसला किया गया। एयर इंडिया ने कहा कि यह निर्णय यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया।
ये भी पढ़ें: US: शिकागो एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, फ्लाइट और प्राइवेट जेट की टक्कर होते-होते बची, पायलट ने बचाई कई जानें

यात्रियों को होटल और वैकल्पिक उड़ानें दी गईं
शिकागो लौटने के बाद यात्रियों को होटल में ठहरने की सुविधा और दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था करवाई गई। एयर इंडिया ने सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर चल रही खबरों के बारे में बयान जारी करते हुए कहा कि इससे पहले भी कई उड़ानों में टॉयलेट में रद्दी सामान मिलने की घटनाएं हो चुकी हैं।
यात्रियों से टॉयलेट का सही इस्तेमाल करने की अपील
एयर इंडिया ने कहा कि कुछ अन्य फ्लाइट्स में भी टॉयलेट पाइप में ब्लैंकेट, इनरवियर और डायपर जैसी चीजें पाई गई हैं। एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की कि वे टॉयलेट का इस्तेमाल केवल निर्धारित उद्देश्यों के लिए ही करें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
ये भी पढ़ें: Air India की फ्लाइट में मिला धमकी भरा नोट, न्यूयॉर्क जा रहे विमान की मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग












Click it and Unblock the Notifications