AIADMK MLA ने तिरुपति बोर्ड को दिया 3.16 करोड़ का दान, तमिलनाडु में बनेगा भव्य मंदिर
AIADMK MLA Donates 3.16 Crore To TTD Board: तिरुपति। इस समय अयोध्या में भव्य राम मंदिर के लिए दान लिया जा रहा है जिसकी खबरें अक्सर मीडिया में आती रहती हैं। इस बीच तमिलनाडु के एक विधायक का दान चर्चा में आ गया है जो उन्होंने शनिवार को ही दिया है। ये विधायक हैं आल इंडिया अन्नाद्रमुक मुनेंद्र कड़गम (AIADMK) के विधायक आर कुमारगुरु जिन्होंने भारी भरकम दान देकर सुर्खियां बटोरी हैं। लेकिन तमिलनाडु के इस विधायक ने ये दान राम मंदिर के लिए नहीं दिया है। तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) बोर्ड के सदस्य और अन्नाद्रमुक विधायक आर कुमार गुरु ने शनिवार को टीटीडी बोर्ड को 3 करोड़ 16 लाख की राशि दान की है।

अन्नाद्रमुक विधायक आर कुमारगुरु ने टीटीडी बोर्ड से अनुरोध किया है कि दान की रकम से तमिलनाडु स्थित उनकी विधानसभा उलुन्दीपेट्टरई में भगवान वेंकटरेश्वर का भव्य मंदिर बनाया जाये। टीटीडी बोर्ड के चेयरमैन वाईवी सुब्बारेड्डी ने इस बारे में जानकारी दी है।
दान की राशि के साथ ही विधायक ने मंदिर बनाने के लिए 4 एकड़ की जमीन के दस्तावेज भी टीटीडी बोर्ड को सौंपे हैं। टीटीडी चेयरमैन ने बताया कि शुभ मुहूर्त आने पर मंदिर की नींव रखी जाएगी।
विधायक आर कुमारगुरु पहले भी टीटीडी को दान कर चुके हैं। सुब्बारेड्डी ने बताया कि विधायक ने पिछले साल 25 दिसम्बर को इसी मंदिर के लिए 1 करोड़ रुपये का दान दिया था। इस तरह कुल मिलाकर अब तक 4.16 करोड़ का दान वह कर चुके हैं।
तिरुमला तिरुपति देवस्थानम बोर्ड आंध प्रदेश के तिरुमला पहाड़ी पर स्थित भगवान वेंकटेश्वर मंदिर का प्रबंधन देखता है। भगवान वेंकटेश्वर के यह मंदिर भारत के सबसे धनी और दान पाने वाले मंदिरों में शामिल है। इसे तिरुपति बालाजी के नाम से भी जाना जाता है।












Click it and Unblock the Notifications