जिसे मारकर दबंगों ने दफनाया था, गली के कुत्तों ने उस शख्स की ऐसे बचाई जान, कहानी जान चौंक जाएंगे
Agra News: जाको राखे साइयां मार सके ना कोई...ऐसा ही कुछ हुआ है, उत्तर प्रदेश के आगरा के एक शख्स के साथ। आगरा एक शख्स ने दावा किया है कि जमीन विवाद के सिलसिले में चार लोगों ने उसे पीटा, गला घोंटा और जिंदा दफना दिया। हालांकि अब वह शख्स जिंदा है और उसने दावा किया है कि उसे जहां दफनाया गया था, उस जगह को कुत्तों ने खोदा, जिसकी वजह से वह बच पाया है।
शख्स ने दावा किया है कि 18 जुलाई 2024 को आगरा के अरटोनी इलाके में अंकित, गौरव, करण और आकाश नाम के चार लोगों ने उस पर हमला किया था। आरोपियों ने उसका गला घोंट दिया और फिर उसे अपने खेत में दफना दिया। आरोपियों को यह लगा कि वह मर चुका है।

पीड़ित ने सुनाई अपनी आपबीती
पीड़ित शख्स का दावा है कि, वह बच गया, क्योंकि आवारा कुत्तों ने उस जगह को खोद डाला था, जहां उसे दफनाया गया था। शख्स का दावा है कि जब कुत्तों ने उसके शरीर को नोचना शुरू किया तो, उसको होश आया।
पीड़ित ने बताया कि, जैसे ही उसे होश आया, वह वहां से किसी भी तरह पास के गांव में चला गया, जहां स्थानीय लोगों ने उसे पहचान लिया और उसकी मदद की। फिलहाल पीड़ित अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है।
पीड़ित की मां ने कहा- मुझे ता लगा मेरा बेटा अब नहीं रहा
पीड़ित शख्स की मां ने कहा कि, ''चार आरोपी उसके बेटे को जबरन घर से ले गए थे और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद उसे दफना दिया गया था। मुझे तो लगा कि मेरा बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा, लेकिन भगवान ने उसे बचा लिया है।''
पूरे मामले पर सिकंदरा थाने के स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) नीरज शर्मा ने कहा है कि, चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications