'अग्निपथ योजना सेना की क्षमता को कर रही कमजोर', PM मोदी के वार पर कांग्रेस ने यूं किया पलटवार
Agniveer Issue In Parliament: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारगिल विजय दिवस की 25वीं वर्षगांठ पर लद्दाख पहुंचे। यहां अग्निवीर स्कीम को लेकर पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला था। वहीं, अब अग्निवीर योजना को लेकर कांग्रेस पार्टी ने पीएम नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लिया।
अग्निपथ योजना को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी के बयान पर लोकसभा में बजट सत्र के दौरान कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा, 'अग्निपथ योजना सेना में अल्पकालिक प्रवेश है, जिसके लिए आवश्यक प्रशिक्षण और लाभ नहीं दिए जाते। भविष्य में एक पेशेवर सेना को व्यापक प्रशिक्षण और पूर्ण कमीशन की आवश्यकता होती है।'

इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि इसलिए अब अग्निपथ योजना सेना की क्षमता और सामर्थ्य को मजबूत करने वाली नहीं है। वहीं, कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा, "देश की जनता ने पहले ही बता दिया कि अग्निपथ योजना क्या है और कैसे उनकी(भाजपा) 60 से अधिक सीटें घटी। वे 400 पार की बात करते थे।
अगर अभी भी वे सुधारात्मक उपाय लेने के लिए तैयार नहीं हैं तो फिर उनका भगवान मालिक है। इतना ही नहीं, कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि क्या कारगिल युद्ध में अग्निवीर थे? कारगिल युद्ध तो हमे भारत की विश्व विजयी सेना के साथ जीता था। हम कारगिल के शहीदों को प्रणाम करते हैं।
लेकिन, 6 महीने के प्रशिक्षण के बाद इन अग्निवीरों को चीन और पाकिस्तान के सामने सीमा पर खड़ा करना निर्दयता और क्रूरता है। वहीं, सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा,"मुझे ये कहते हुए गर्व है कि हमारी सेना का एक गौरवशाली इतिहास रहा है, लेकिन अफसोस है कि भाजपा की सरकार ने अग्निवारी योजना की व्यवस्था की है।
उन्होंने कहा कि इससे ज्यादा अपमान सेना का नहीं हो सकता है। जब INDIA गठबंधन की सरकार आएगी तो हम 24 घंटों में इस योजना को खत्म करके सामान्य भर्ती करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications