कांस्टेबल प्रशांत के खिलाफ कार्रवाई से पुलिसकर्मियों में दहशत, असलहों के साथ ड्यूटी करने से इंकार!
यूपी पुलिस के सिपाही जहां सोशल मीडिया पर आरोपी प्रशांत चौधरी के लिए फंड इकट्ठा करने की अपील कर रहे हैं, वहीं लखनऊ के गोमतीनगर थाने में भी इस घटना को लेकर रोष देखा जा रहा है।
नई दिल्ली। यूपी की राजधानी लखनऊ में आधी रात को अपने ऑफिस से घर लौट रहे एप्पल कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी की हत्या के मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। दूसरी तरफ आरोपी पुलिसकर्मियों के पक्ष में भी मुहिम छिड़ी हुई है। यूपी पुलिस के सिपाही जहां सोशल मीडिया पर आरोपी प्रशांत चौधरी के लिए फंड इकट्ठा करने की अपील कर रहे हैं, वहीं लखनऊ के गोमतीनगर थाने में भी इस घटना को लेकर रोष देखा जा रहा है। खबर है कि रविवार को गोमतीनगर थाने में सिपाहियों ने बंदूक के साथ ड्यूटी करने से इंकार कर दिया।

गश्त ड्यूटी हटाने की भी सिफारिश!
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विवेक तिवारी की हत्या के मामले में दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज होने से लखनऊ के गोमतीनगर थाने में दहशत और रोष का माहौल है। पुलिस सूत्रों की मानें तो रविवार को बाइक से गश्त करने वाले सिपाहियों ने सरकारी असलहा लेने से इंकार कर दिया। वहीं, कुछ सिपाहियों ने अपनी गश्त ड्यूटी हटाने की भी सिफारिश की। आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया पर भी यूपी पुलिस के सिपाहियों का गुस्सा देखा जा रहा है।

सोशल मीडिया पर दिखा रहे रोष
सोशल मीडिया पर आरोपी पुलिसकर्मियों के पक्ष में चल रही मुहिम के तहत एक पुलिसकर्मी ने अपनी फेसबुक वॉल पर लिखा है, 'उत्तर प्रदेश के समस्त आरक्षियों से मेरा नम्र निवेदन है कि ड्यूटी के दौरान किसी महिला या बालिका के साथ अभद्र व्यवहार या बलात्कार या फिर किसी की हत्या, मर्डर, लूट, डकैती की कोई भी कोशिश की जा रही हो तो आप आंख बंद कर कहीं दूर चले जाएं क्योंकि अगर आप उस घटना को रोकने की कोशिश करेंगे और अगर इस कोशिश में किसी की हत्या या किसी व्यक्ति को चोट पहुंचती है तो आप के ऊपर मुकदमा लिख कर जेल भेजा जा सकता है और वहां से चले जाने पर उस घटना को नजरअंदाज करने पर केवल लाइन हाजिर या सस्पेंड ही किया जाएगा, जोकि बर्खास्त और जेल जाने से बेहतर है।'

प्रशांत के लिए 5 करोड़ इकट्ठा करने की मुहिम
आपको बता दें कि इससे पहले सोशल मीडिया पर यूपी पुलिस के कुछ सिपाहियों ने आरोपी प्रशांत चौधरी और संदीप कुमार के पक्ष में फंड इकट्ठा करने की अपील की थी। सिपाहियों ने इसके लिए बाकायदा प्रशांत चौधरी की पत्नी का अकाउंट नबंर भी फेसबुक पर शेयर किया और अपील की कि सभी लोग केस को मजबूती से लड़ने के लिए 5 करोड़ रुपए इकट्ठा करने में अपना सहयोग दें। इसके बाद पुलिस विभाग के कुछ लोगों ने खाते में रुपए जमा भी किए और सोशल मीडिया पर इसके स्क्रीनशॉट शेयर कर बाकी पुलिसकर्मियों से भी अपील की।












Click it and Unblock the Notifications