फली नरीमन की जगह अनिल दीवान करेंगे सुप्रीम कोर्ट की मदद, चुनेंगे बीसीसीआई के लिए नए अधिकारी
बीसीसीआई में नए प्रशासानिक अधिकारियों का नाम चुनने के लिए प्रख्यात अधिवक्ता एफएस नरीमन को नियुक्त किया था। पर उन्होंने अपनी सेवाएं देने से मना कर दिया था।
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बीसीसीआई के अध्यक्ष पद से अनुराग ठाकुर और महासचिव पद से अजय शिर्के को हटाने के बाद बीसीसीआई में नए प्रशासानिक अधिकारियों का नाम चुनने के लिए प्रख्यात अधिवक्ता एफएस नरीमन को नियुक्त किया था। पर उन्होंने अपनी सेवाएं देने से मना कर दिया था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने उनकी जगह पर वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल दीवान को नियुक्त किया है। एफएस नरीमन ने मुख्य न्यायाधीश टीएस ठाकुर की अगुवाई वाली पीठ को बताया कि वर्ष 2009 में बतौर अधिवक्ता उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड का प्रतिनिधित्व किया था। इसके चलते वो सुप्रीम कोर्ट की इस आदेश का हिस्सा नहीं बनना चाहते हैं। इसके बाद टीएस ठाकुर की अगुवाई वाली खंडपीठ ने वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल दीवान को न्यायमित्र के तौर पर कोर्ट की मदद कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल सुब्रहमण्यम के साथ मिलकर काम करने और बीसीसीआई के लिए नए प्रशासकों के खोजने में मदद करने के लिए कहा है। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश टीएस ठाकुर के साथ-साथ इस पीठ में न्यायमूर्ति एएम खानविलकर और डीवाई चंद्रचूड़ भी शामिल हैं। शीर्ष अदालत ने दोनों अधिवक्ताओं से दो सप्ताह के भीतर संभावित प्रशासकों के नाम सुझाने के लिए कहा है।













Click it and Unblock the Notifications