कंगना रनौत के बाद अब BMC ने फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा को भेजा नोटिस, ऑफिस को लेकर लगाए आरोप
नई दिल्ली। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने बीते दिन अभिनेत्री कंगना रनौत के ऑफिस में अवैध निर्माण का आरोप लगाते हुए तोड़फोड़ की थी। अब खबर आई है कि बीएमसी ने बॉलीवुड फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा को भी नोटिस भेजा है। उन्हें कारण बताओ नोटिस 7 सितंबर को भेजा गया था जिसमें कथित तौर पर ऑफिस बिल्डिंग में 'अनधिकृत परिवर्तन' का आरोप लगाया गया है। इसके साथ ही बीएमसी ने मनीष मल्होत्रा से 7 दिन के भीतर जवाब दाखिल करने को कहा है।

संपत्ति को लेकर जताई आपत्ति
एक रिपोर्ट के अनुसार, बीएमसी ने मुंबई के पाली हिल में स्थित मनीष मल्होत्रा की संपत्ति को लेकर आपत्ति जताई है। बंगले की पहली मंजिल पर स्थित मैनेजमेंट ऑफिस में शेड बनाने को नियमों का उल्लंघन बताया गया है। मनीष को एमएमसी एक्ट की धारा 342 और 345 के तहत नोटिस भेजा गया है। इससे पहले बुधवार को बीएमसी ने अनधिकृत विस्तार करने को लेकर कंगना रनौत के ऑफिस में तोड़फोड़ की थी। अभिनेत्री ने ऑफिस टूटे जाने की तस्वीरें और वीडियो भी ट्वीट किए थे। हालांकि बाद में बॉम्बे हाईकोर्ट ने बीएमसी की कार्रवाई पर रोक लगा दी थी।
Recommended Video

क्यों सुर्खियों में हैं कंगना?
बता दें कंगना रनौत बीते कुछ समय से अपने ट्वीट्स के चलते सुर्खियों में बनी हुई हैं। पहले वह सुशांत मामले में अपनी बात रख रही थीं। फिर बाद में उन्होंने अपने एक ट्वीट में कह दिया कि वह मुंबई में सुरक्षित महसूस नहीं करेंगी और माफिया से ज्यादा डर उन्हें मुंबई पुलिस से लगता है। जिसके चलते सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उनका विरोध किया, तो कुछ लोग उनके समर्थन में भी उतरे। इसके साथ ही उन्होंने मुंबई को लेकर कहा था कि यह उन्हें पीओके जैसी महसूस हो रही है। जिसके बाद उनकी शिवसेना नेता संजय राउत से जुबानी जंग भी हुई। जब कंगना के ऑफिस में तोड़फोड़ की गई तो उन्होंने इसे बाबर, पाकिस्तान जैसे शब्दों तक से जोड़ा। बाद में खुद अभिनेत्री ने इसके जवाब में एक वीडियो जारी किया और उसमें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री का नाम भी लिया।

वीडियो में कंगना ने क्या कहा?
इस वीडियो में कंगना ने कहा, 'उद्धव ठाकरे तुझे क्या लगता है... कि तूने फिल्म माफिया के साथ मिलकर मेरा घर तोड़ के मुझसे बहुत बड़ा बदला लिया है। आज मेरा घर टूटा है कल तेरा घमंड टूटेगा। ये वक्त का पहिया है याद रखना हमेशा एक जैसा नहीं रहता। और मुझे लगता है कि तुमने मुझ पर बहुत बड़ा एहसान किया है। क्योंकि मुझे पता तो था कि कश्मीरी पंडितों पर क्या बीती होगी। आज मैंने महसूस किया है और आज मैं इस देश को वचन देती हूं कि मैं सिर्फ अयोध्या पर ही नहीं, कश्मीर पर भी एक फिल्म बनाऊंगी। और अपने देशवासियों को जगाऊंगी। क्योंकि मुझे पता था कि ये हमारे साथ होगा। लेकिन मेरे साथ हुआ है। इसका कुछ मतलब है इसके कोई मायने हैं और उद्धव ठाकरे ये जो क्रूरता आतंक है... अच्छा हुआ ये मेरे साथ हुआ... जय हिंद जय महाराष्ट्र।'
कंगना रनौत के ऑफिस में तोड़फोड़ पर बोलीं रेणुका शहाणे- क्या हमें इस फालतू ड्रामे की...












Click it and Unblock the Notifications