'इम्यूनिटी बूस्टर काढ़ा' के बाद CM शिवराज ने कहा, COVID-19 मरीजों को सुनाएं भजन और श्लोक
भोपाल। कोरोना वायरस का इलाज तलाशने के लिए दुनियाभर से वैज्ञानिक और डॉक्टर्स दिन-रात कड़ी मेहनत कर रहे हैं। भारत में भी इसके वैक्सीन को लेकर रोजाना टेस्ट किए जा रहे हैं। इसी बीच कोरोना वायरस के मरीजों को ठीक करने के लिए मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार द्वारा हर्बल काढ़ा बांटा जा रहा है। इतना ही नहीं अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संक्रमण के उपचार के लिए योग, मंत्र और संगीत का उपयोग करने का भी सुझाव दिया है।

कोरोना मरीजों को योग, मंत्र और संगीत सुनाएं
कोरोना वायरस के इन अजीबोगरीब इलाज के नुस्खे को लेकर अब सीएम शिवराज कांग्रेस के निशाने पर आ गए हैं। दरअसल, कोरोना वायरस के रोगियों को ठीक करने में मदद करने के लिए विकल्प की तलाश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अब संक्रमण के उपचार के लिए योग, मंत्र और संगीत का उपयोग करने का सुझाव दिया है। शिवराज सिंह का यह सुझाव उस समय आया है जब भाजपा सरकार पहले से ही राज्य में आयुर्वेदिक काढ़े के एक करोड़ पैकेट वितरित करने की योजना का ऐलान किया है।

काढ़ा पीने से बढ़ेगी शरीर में प्रतिरोधक क्षमता
काढ़े के साथ यह भी दावा किया गया है कि यह इम्यूनिटी (प्रतिरोधक क्षमता) को बढ़ाता है और शरीर को COVID-19 को दूर रखने में मदद करता है। बीते दिनों धार्मिक नेताओं के साथ एक वीडियो सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा था कि कई बीमारियां प्यार से ठीक हो जाती हैं, लेकिन जब कोरोना वायरस जैसे संक्रमण की बात आती है तब मां भी अपने बेटे को नहीं छू सकती है।

भारतीय परंपराओं से हो सकता है इलाज में मदद
ऐसे में रोगियों के उपचार के लिए इलाज के साथ-साथ भारतीय परंपराओं में पहले से मौजूद प्रथाओं की कोशिश की जा सकती है। कार्यक्रम में सीएम चौहान ने नेताओं से वैकल्पिक उपचार के लिए अपने सुझाव भेजने को कहा। अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कोरोना संक्रमित रोगियों का मनोबल बढ़ाने के लिए गाने, भजन और श्लोक का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा, शायद यह भी इलाज का एक तरीका साबित हो सकता है और कोरोना से होने वाली मृत्यु दर को भी कम किया जा सकता है।

बांटे जा रहे 50-50 ग्राम के पैकेट
इससे जुड़ा सीएम का एक वीडियो भी सामने आया है जो इंटरनेट पर वायरल हो गया है। इसमें वह बोल रहे हैं कि हमारे ऋषियों और वैद्यों ने दवाएं बनाई हैं जो प्रतिरक्षा में वृद्धि करती हैं और हम स्वस्थ रहते हैं। हमारे आयुष विभाग द्वारा तैयार विशेष त्रिकुटा चूर्ण-कढ़ा प्रतिरक्षा बढ़ाने में बहुत प्रभावी है। बता दें कि मुख्यमंत्री चौहान ने सोमवार को जीवन अमृत योजना का यहां मंत्रालय में शुभारंभ किया और इसके तहत इस काढ़े के 50-50 ग्राम के पैकेट वितरित किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: फिरोजाबाद: SI समेत चार पुलिसकर्मी हुए कोरोना संक्रमित, लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों को पकड़ने गए थे वो












Click it and Unblock the Notifications