हुनर हाट में लिट्टी-चोखा खाने के बाद पीएम मोदी ने इस वाद्य यंत्र पर संगीत की मधुर धुन भी बजाई
नई दिल्ली- बुधवार को राजधानी में अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की ओर से इंडिया गेट के पास आयोजित 'हुनर हाट' में अचनाक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंच गए। इस कार्यक्रम में देश भर से आए कलाकार और कारीगर अपने-अपने हुनर का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने हाट में बिहार की परंपरागत लिट्ठी-चोखा का आनंद लिया और फिर एक वाद्य यंत्र पर संगीत बजाने में मशगूल हो गए। बाद में उन्होंने खुद वह विडियो भी अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया।

Recommended Video
हुनर हाट में एक-एक कलाकारों और कारीगरों से मिलते-जुलते प्रधानमंत्री लगातार हर कला की बारीकियों को निहार रहे थे और कलाकारों से उसके बारे में जानकारी भी ले रहे थे। इस दौरान किसी को अंदाजा नहीं था कि वाद्य यंत्रों में भी उनकी इतनी दिलचस्पी है और उन्होंने जल तंरगों जैसी ध्वनि पैदा करने वाले एक वाद्य यंत्र पर हाथ भी आजमाया और संगीत की मधुर धुन भी बजाई।
इस दौरान पीएम मोदी अचानक चहलकदमी करते हुए एक मुस्लिम महिला के स्टॉल पर पहुंच गए, जिसने सबसे आगे लाल किले पर तिरंगा लहराते हुए पेंटिंग लगा रखी थी। पीएम मोदी को आया देख वह महिला बहुत खुश हो गई और उसने भारत का एक ऐसा नक्शा दिखाया, जिसमें देश के प्रमुख स्थानों को बहुत ही खूबसूरती से उकेरा गया था। पीएम मोदी ने इस नक्शे की बहुत सराहना की ।
बाद में पीएम मोदी ने ट्विटर पर लिखा कि "हुनर हाट जैसे प्रयासों से कई प्रतिभावान व्यक्तियों को एक प्लेटफॉर्म मिला है। दोपहर बाद मैं इनमें से कुछ से मिला हूं"
पीएम मोदी हुनर हाट में करीब 50 मिनट रहे और अलग-अलग स्टॉलों पर पहुंच कर उनकी विशेषताओं को परखने की कोशिश की। लेकिन इस दौरान उनका एक स्टॉल पर लिट्ठी चोखा खाने और कुल्हड़ वाली चाय पीने का अंदाज ही कुछ अलग रहा।
इंडिया गेट के पास राजपथ पर 'कौशल को काम' की थीम पर आधारित यह हाट 13 फरवरी से ही चल रहा है और 23 तारीख तक चलेगा। इसमें 250 से भी ज्यादा स्टॉल लगाए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications